सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां पर तेज रफ्तार के कारण एक कार अनियंत्रित होकर मोड़ से गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र आज सोमवार सुबह पेश आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार नंबर HP 79-2756 काफी तेज रफ्तार में थी। जैसे ही कार मोड़ पर पहुंचा, चालक संतुलन खो बैठा और कार सीधे 200 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें- 12th Result : हिमाचल के सिरमौर जिले का दबदबा- सरकारी स्कूल के बच्चों ने किया प्रदेश भर में टॉप
चार की मौत दो गंभीर घायल
हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मृतकों की पहचान
- अमरा देवी, पत्नी देव राज, भलोना स्कूल की शिक्षिका, निवासी गत्ताधार, संगड़ाह
- आराध्या उम्र 14 साल, अमरा देवी की बेटी
- प्रियंका उम्र 14 साल, पुत्री दीप राम, निवासी ऊचा टिक्कर, संगड़ाह
- सज्जन सिंह उम्र 62 साल, पुत्र थापलू राम, निवासी काजवा, संगड़ाह
मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम
स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन को संभाला। घायलों को स्थानीय लोगों ने की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- HP बोर्ड 12वीं का रिजल्ट घोषित : अंशित ने किया पूरे प्रदेश में टॉप- 92 प्रतिशत छात्र पास
चालक की हालत गंभीर
वहीं, इस हादसे में मृतका अमरा देवी का एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पहले नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक इलाज दिया गया, जिसके बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
