मंडी। हिमाचल प्रदेश में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। कभी फ्रिज में धमाका होने से आग लगने की खबरें सामने आ रही हैं तो कहीं गैस सिलेंडर फटने से बड़े हादसे हो रहे हैं। ऐसे ही एक ताजा मामले में जिला मंडी में गैस सिलेंडर फटने से एक घर में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घर में खाना  बना रही थी महिला 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला मंडी के जोगिंदर नगर के बदेहड गांव में पेश आया है। बताया जा रहा है कि महिला रविवार देर शाम अपने रसोई घर में खाना बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाने लगीं। जैसे ही उन्होंने गैस चूल्हा ऑन किया, अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही पलों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: टेंपो ट्रैवलर ने टक्कर मार दूर फेंका बुजुर्ग, मौके पर थम गई सांसें; चालक वाहन सहित फरार


महिला की चीख-पुकार सुन लोग मौके पर पहुंचे

आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। इसी दौरान दमकल विभाग को भी घटना की सूचना दी गई। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया। इस आगजनी की घटना में परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जिसकी पुष्टि पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेडने भी की है।

आग की चपेट में आने से झुलस गईं महिला 

आग की चपेट में आने से कमला देवी भी झुलस गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए जोगिंदर नगर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का गजब कमाल : बिना नल कनेक्शन लगाए थमा दिया 8321 रुपये बिल- उठा बवाल

फायर ब्रिगेड की टीम से भी नहीं बुझी आग 

इधर फायर ब्रिगेड की टीम भी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची, लेकिन गांव का रास्ता काफी संकरा होने के कारण फायर ब्रिगेड का बड़ा वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाया। ऐसे में एक छोटा फायर ब्रिगेड  ही मौके तक पहुंच सका। कर्मियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसे काबू में करना आसान नहीं था।

बाल्टियां भर-भरकर बुझाई आग

स्थिति उस समय और मुश्किल हो गई जब वाहन का पानी भी खत्म हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर बाल्टियों में पानी भर-भरकर आग बुझाने का प्रयास जारी रखा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : आधी रात को घर में हुआ धमाका, लपटों में फंसी बुजुर्ग महिला- नहीं बच सकी

मौके पर टला बड़ा खतरा

राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास बने करीब दस अन्य रिहायशी मकान आग की चपेट में आने से बच गए। अगर आग पर समय रहते काबू न पाया जाता तो यह घटना और भी बड़ी हो सकती थी।

प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। तहसीलदार रजत सेठी ने बताया कि आग लगने की इस घटना में रिहायशी मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है और लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को तुरंत फौरी राहत भी प्रदान की गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सीढ़ियां उतरते गिरे प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष, थमी सांसें- परिजनों ने जताया संदेह

हर संभव सहायता देने की कही बात 

वहीं SDM मनीष चौधरी ने कहा कि आग से प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर झुलसी महिला का हालचाल भी जाना और डॉक्टरों से उसकी स्थिति की जानकारी ली।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें