कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक बेहद दुखद और दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।  यहां एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जिस कारण एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। 

मन्नत पूरी करने जा रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला कागंड़ा के नूरपुर क्षेत्र के कंडवाल चौकी के पास पक्का टियाला में हुआ। बताया जा रहा है कि संजीव कुमार अपने परिवार के साथ पठानकोट के पास एक धार्मिक स्थल पर मन्नत पूरी करने जा रहे थे। उनके साथ कार में उनकी मां रानी देवी, बेटी अमायरा और बेटा समर भी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : उफनती ब्यास में कूदी महिला, पर्यटकों ने दिखाई इंसानियत- जान की बाजी लगाकर बचाया

डिवाइडर से जा टकराई कार 

सफर के दौरान जैसे ही उनकी कार पक्का टियाला के पास पहुंची, अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी के आगे का हिस्सा पूरी तरह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए।

 

एक की मौत तीन घायल 

उन्होंने बिना देर किए घायलों को कार से बाहर निकाला और पास के अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया। अस्पताल में डॉक्टरों ने रानी देवी को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिवार में मातम पसर गया। वहीं, कार चला रहे संजीव कुमार की टांग में फ्रैक्चर आया है और उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि कार में सवार दोनों बच्चे इस हादसे में सुरक्षित बच गए।

यह भी पढ़ें : मई की शुरुआत में महंगाई का झटका : 993 रुपये बढ़े गैस सिलेंडर के दाम, आम आदमी की टूटी कमर

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा आखिर किन कारणों से हुआ चाहे वह तेज रफ्तार हो, वाहन पर नियंत्रण खोना हो या सड़क की स्थिति।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें