ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के एक औद्योगिक संस्थान में इंटर्नशिप के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है, जहां फैक्ट्री में प्रशिक्षण ले रहे दो आईटीआई प्रशिक्षु  छात्र अचानक टीन की छत से नीचे गिर गए। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन दिनों से कर रहे थे इंटर्नशिप

मिली जानकारी के अनुसार, जिला ऊना के तहत आते बहडाला स्थित एक ऑटोमोबाइल एजेंसी में काम कर रहे दो आईटीआई प्रशिक्षु टीन की छत से नीचे गिर गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की 'मोमबत्ती' के बेटा-बहू चिट्टे संग गिरफ्तार : 3 दिन पहले ही की थी लव मैरिज

ITI ऊना के 18 प्रशिक्षुओं का समूह पिछले तीन दिनों से यहां इंटर्नशिप कर रहा था। हादसे के दिन भी सभी प्रशिक्षु अपने-अपने कार्य में जुटे हुए थे, इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई।

दोनों के पैरों में फ्रैक्चर

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। संस्थान के कर्मचारियों ने तुरंत दोनों घायलों को उठाकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों के पैरों में फ्रैक्चर आया है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

यह है पहचान

घायलों की पहचान 18 वर्षीय साहिल कुमार निवासी अम्ब और 19 वर्षीय कुलविंदर निवासी जट्टपुर संतोषगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों प्रशिक्षु संस्थान में काम के दौरान टीनपोश छत के पास किसी तकनीकी गतिविधि में लगे हुए थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नीचे गिर पड़े।

यह भी पढ़ें : विपक्ष ने CM सुक्खू को बताया 'झूठा', नोटिस देने के लिए कसी कमर- जानें पूरा मामला

पुलिस कर रही मामले की जांच

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें