शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कुपवी में एक दर्दनाक हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। जिस 17 वर्षीय बेटे के राज्य स्तरीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर घर लौटने का परिवार बेसब्री से इंतजार कर रहा था, उसी की मौत की खबर ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया। हमीरपुर जिले का रहने वाला आयुष कौंडल वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कुपवी गया था, लेकिन घर वापसी के दौरान हुए हादसे में उसकी जिंदगी खत्म हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं साथी खिलाड़ियों और शिक्षकों की आंखें भी नम हैं।

खिड़की से निकाला सिर, तभी हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बुधवार शाम राज्य स्तरीय अंडर-19 लड़कों की खेलकूद प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद आयुष अपने साथियों के साथ निजी बस में सवार होकर हमीरपुर लौट रहा था। बस में करीब 40 विद्यार्थी सवार बताए जा रहे हैं। सफर के दौरान कुपवी से हरिपुरधार की ओर लगभग तीन किलोमीटर आगे पहुंचने पर आयुष ने उल्टी करने के लिए बस की खिड़की से सिर बाहर निकाला। इसी बीच सड़क किनारे लगे धातु के टेलीफोन खंभे से उसका सिर जोर से टकरा गया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि छात्र के सिर में गहरी चोट आई और बस की खिड़की का शीशा भी टूट गया। कुछ ही पलों में प्रतियोगिता से लौट रहे विद्यार्थियों की यात्रा चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गई।

 

यह भी पढ़ें : आधे-अधूरे शिमला-मटौर फोरलेन पर बढ़ाया टोल- 7 पंचायतों ने टैक्स देने से किया इनकार, बढ़ा विवाद

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के तुरंत बाद घायल आयुष और एक अन्य छात्र को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कुपवी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया। हादसे में 16 वर्षीय अरुण भी घायल हुआ है, जो हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र के कुरियाणी गांव का निवासी बताया गया है। उसकी मेडिकल जांच करवाई गई। जिस बस में विद्यार्थी सफर कर रहे थे, उसका नंबर HP67A-4487 बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम अस्पताल पहुंची तथा मामले से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू बागियों पर भड़के, बोले- 'कांग्रेस ने मां-बेटे को दिया सम्मान फिर भी BJP के हाथों बिक गए'

हमीरपुर के नाल्टी स्कूल का छात्र था आयुष

मृतक की पहचान आयुष कौंडल पुत्र हुक्म सिंह के रूप में हुई है। वह हमीरपुर जिले के बकारटी गांव, डाकघर मसियाणा का निवासी था और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाल्टी से संबंधित था। आयुष पढ़ाई के साथ खेलों में भी रुचि रखता था और वॉलीबॉल का खिलाड़ी था। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए उसका कुपवी जाना परिवार और विद्यालय के लिए खुशी का अवसर था। 

बस चालक और परिचालक की भूमिका की जांच

पुलिस के अनुसार मामले में कुपवी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 281, 125 और 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में बस चालक कपिल शर्मा निवासी चायल, डाकघर जनैड़घाट, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन तथा परिचालक कुनाल निवासी टिक्कर, डाकघर डिडवीं, जिला हमीरपुर की कथित लापरवाही का उल्लेख किया गया है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में जिम्मेदारी और हादसे की परिस्थितियों को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के बड़े अस्पतालों में मरीज परेशान : डिस्चार्ज कार्ड के लिए भी चुकाने पड़ रहे पैसे

आज परिजनों को सौंपा शव

मृतक छात्र का आज गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाया गया। जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। बेटे की मौत ने परिवार को पूरी तरह से तोड़ दिया है। अपने लाडले का शव देख कर मां बेसुध हो गई है, जबकि पिता पूरी तरह से खामोश हो गए हैं। युवक की मौत से परिवार के साथ साथ पूरे गांव में मातम पसर गया है।

यह भी पढ़ें- चुनाव से पहले हिमाचल BJP में हलचल : 68 सीटों पर सर्वे शुरू- जुटाई जाएगी दावेदारों की रिपोर्ट

प्रशासन ने दी 25 हजार रुपये की फौरी राहत

कुपवी उपमंडल का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे चौपाल के एसडीएम हेमचंद वर्मा ने बताया कि मृतक छात्र की टीम के प्रभारी को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, जबकि पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी है। हादसे की खबर फैलते ही प्रतियोगिता में भाग लेने आए विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें