सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि तेज रफ्तार स्कूटी चला रही महिला ने सड़क किनारे अपनी दिशा में पैदल जा रही युवती को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती को पहले पांवटा साहिब अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे देहरादून रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पैदल जा रही थी युवती, अचानक स्कूटी ने मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के निवासी प्रेम चंद ने इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार उनकी बेटी सोनी पौंटिका पुलिया के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर अपनी दिशा में पैदल जा रही थी। इसी दौरान नाहन की ओर से पांवटा साहिब की तरफ आ रही स्कूटी ने कथित तौर पर तेज रफ्तार में उसे टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आयकर अधिकारी ने मांगी पांच लाख रुपए रिश्वत, CBI ने कसा शिकंजा; आरोपी फरार
टक्कर लगते ही सड़क पर गिरी सोनी
स्कूटी की टक्कर इतनी जोरदार थी कि सोनी सड़क पर गिर गई और उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए देहरादून रेफर कर दिया।
देहरादून के अस्पताल में जिंदगी की जंग हारी
परिजन घायल सोनी को देहरादून स्थित हेल्थ केयर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा था। लेकिन हादसे के कुछ ही घंटों बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जवान युवती की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नशा तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने पंजाब से दबोचा लाखों के चिट्टा तस्करी का मुख्य सप्लायर
स्कूटी चालक महिला के खिलाफ मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्कूटी चालक महिला की पहचान साइदा परवीन पत्नी चमन लाल, निवासी गांव सैलाणी, डाकघर सैनवाला, तहसील नाहन, जिला सिरमौर के रूप में की है। पुलिस थाना माजरा में महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
हादसे की वजह खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच टीम हादसे के दौरान स्कूटी की गति, सड़क की परिस्थितियों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : टाइलें लेकर जा रही पिकअप पलटी, एक की मौ**त; 4 लोग घायल
तेज रफ्तार पर फिर उठे सवाल
पांवटा साहिब में हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहन चलाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक पल की कथित लापरवाही ने एक परिवार से उसकी बेटी छीन ली। अब पुलिस जांच से यह स्पष्ट होगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है।
