बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जिसने एक हंसते खेलते परिवार की खुशिया पल भर में छीन ली। यहां माता पिता के लाडले बेटे की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। माता.पिता ने अपना चार साल का मासूम बेटा खो दिया। जिस बच्चे की किलकारियों से घर हर दिन गूंजता था, उसी की अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बिलासपुर जिले के घुमारवीं क्षेत्र में हुई इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
खेलते-खेलते हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार घुमारवीं उपमंडल के कन्दरौर क्षेत्र स्थित नाल्टी गांव में रहने वाला चार वर्षीय राहुल शुक्रवार शाम अपने घर की दूसरी मंजिल पर खेल रहा था। परिवार के अन्य सदस्य भी घर पर मौजूद थे और रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे। बताया जा रहा है कि खेलते समय अचानक मासूम का संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी मंजिल से नीचे जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे को गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: DIG संजीव गांधी से वसूले जाएंगे 1.80 लाख रुपए, आवास खाली ना करने पर लगाया डैमेज चार्ज
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई उम्मीद
बच्चे के नीचे गिरते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्य तुरंत उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर लेकर पहुंचे। रास्ते भर परिजन उसके बच जाने की उम्मीद लगाए बैठे रहे, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की यह बात सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
उत्तर प्रदेश से आकर रह रहा था परिवार
मृतक बच्चे की पहचान राहुल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के रहने वाले परिवार से संबंधित था। उसका परिवार रोजगार के सिलसिले में नाल्टी गांव में रह रहा था। राहुल परिवार का लाडला था और उसकी असमय मौत ने माता-पिता के साथ-साथ रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी गहरे दुख में डुबो दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मनीषा मित्तल ह*त्याकांड का सामने आया लाइव VIDEO, बेहद पास से मारी थी गो*लियां; देखें
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। प्रारंभिक जांच में घटना को दुर्घटनावश पाया गया है और परिजनों ने भी किसी प्रकार की आशंका या संदेह व्यक्त नहीं किया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने दी पंचायत चौकीदारों को बड़ी सौगात- रेगुलर करने के आदेश किए जारी
गांव में पसरा मातम
मासूम राहुल की मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पड़ोसी और परिचित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक बच्चे की मासूम आवाजें गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर हर समय विशेष सतर्कता बरतना कितना जरूरी है, क्योंकि एक पल की चूक कभी-कभी जिंदगी भर का दर्द दे जाती है।
