कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। फतेहपुर थाना क्षेत्र में रविवार को पौंग डैम की लहरों ने एक 23 साल के युवक की जान ले ली। इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।
डूबने से युवक की मौत
बताया जा रहा है कि हादसा अटल बिहारी वाजपेयी क्षेत्रीय जल क्रीड़ा केंद्र के पास स्थित पौंग डैम के खटियाड़ स्थित वाटर स्पोर्ट्स एरिया में पेश आया है। युवक नहाने उतरा था, लेकिन अचानक उफनती लहरों ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पलभर में छीन लिया।
यह भी पढ़ें- BREAKING : छात्रों का इंतजार खत्म, HPBOSE आज घोषित करेगा 12वीं का रिजल्ट
हिमाचल घूमने आया था युवक
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 23 वर्षीय लवप्रीत के रूप में हुई है- जो कि चोगीठी चौक जालंधर (पंजाब) का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह अपने साथियों के साथ घूमने आया था और नहाने के दौरान पानी में उतरा।
तेज लहरों में डूबा युवक
इसी दौरान वह अनजाने में गहरे हिस्से की ओर बढ़ गया और देखते ही देखते संतुलन खो बैठा। कुछ ही क्षणों में वह तेज लहरों के बीच गायब हो गया- जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : अगले 72 घंटे खराब रहेगा मौसम, तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी; ओलों के साथ होगी बारिश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना फतेहपुर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पूरे इलाके में छाया मातम
युवक की मौत की पुष्टि के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जवान बेटे की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस नर्सिंग संस्थान की 17 प्रशिक्षु नर्सें निकली टीबी संक्रमित; अभिभावकों ने किया हंगामा
जानलेवा साबित हो सकती है लापरवाही
इस हादसे ने एक बार फिर जलाशयों में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुलभूषण वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए लोगों से अपील की कि वे नदियों, झीलों और डैम जैसे गहरे जल स्रोतों में बेहद सावधानी बरतें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे स्थानों पर बिना सुरक्षा उपायों के जाना या जोखिम उठाना सीधे खतरे को न्योता देना है।
दुर्घटना नहीं चेतावनी है
यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक चेतावनी है- खासतौर पर उन लोगों के लिए जो गर्मी से राहत पाने के लिए जलाशयों का रुख करते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें।
