कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश क कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। इंदौरा क्षेत्र में बहने वाली ब्यास नदी ने एक परिवार की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया। 11वीं कक्षा के छात्र कृष का शव घटना के चौथे दिन बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
बैसाखी पर पूजा करने गया कृष
बताया जा रहा है कि बैसाखी के पावन अवसर पर कृष अपने परिजनों के साथ नदी किनारे पूजा-अर्चना के लिए पहुंचा था। धार्मिक माहौल के बीच किसी ने नहीं सोचा था कि यह दिन इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : जिंदगी की जंग लड़ रहा मासूम का पिता, बूढ़ी मां और पत्नी के हाथ खाली- 10 लाख की जरूरत
ब्यास नदी के तेज बहाव डूबा
पूजा के बाद कृष नदी में नहाने उतरा, लेकिन पानी का तेज बहाव और अचानक गहराई उसके लिए जानलेवा साबित हुई। देखते ही देखते वह लहरों में समा गया और फिर नजर नहीं आया।
नहीं मिला कोई सुराग
घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। NDRF, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने मिलकर लगातार कई दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। बुधवार को भी टीमों ने करीब 8 से 9 किलोमीटर के दायरे में गहन तलाशी ली, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
यह भी पढ़ें : देवभूमि पर दाग: हिमाचल के होटल में दो साल की बच्ची से नीचता; परिवार संग आई थी घूमने
चार दिन बाद मिली लाश
गुरुवार सुबह जैसे ही खोज अभियान दोबारा शुरू हुआ, टीम को सफलता मिली और कृष का शव बरामद कर लिया गया। यह खबर मिलते ही नदी किनारे मौजूद परिजनों का दर्द छलक पड़ा- मां-बाप और परिजनों की चीख-पुकार ने माहौल को और भी गमगीन कर दिया।
परिवार में पसरा मातम
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, और बैसाखी का त्योहार यहां मातम में बदल गया है।
