#विविध
April 17, 2026
हिमाचल : जिंदगी की जंग लड़ रहा मासूम का पिता, बूढ़ी मां और पत्नी के हाथ खाली- 10 लाख की जरूरत
वर्तमान में दीप कुमार की हालत काफी नाजुक है- मदद को बढ़ाएं हाथ
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले का एक परिवार इस समय बेहद परेशान और दुखी है। परिवार का बेटा गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। जोगिंद्रनगर उपमंडल के बालकरूपी गांव से ताल्लुक रखने वाले युवक की जिंदगी इस वक्त एक बड़ी बीमारी से संघर्ष कर रही है।
दीप कुमार गंभीर बीमारी के कारण बहुत कमजोर पड़ गया है। दीप कुमार की दोनों किडनियां पूरी तरह फेल हो चुकी हैं। बीमारी के कारण डॉक्टरों ने उसे जल्द से जल्द किडनी ट्रांसप्लांट करने की सलाह दी है।
वर्तमान में दीप कुमार की स्थिति काफी नाजुक है। दीप कुमार का हफ्ते में दो बार डायलिसिस हो रहा है। हर हफ्ते हजारों रुपये का खर्च निकालना परिवार के लिए मुश्किल हो रहा है। दरअसल, दीप कुमार टैक्सी चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर कर रहा था। इस गंभीर बीमारी के कारण अब दीप कुमार काम करने की हालत में भी नहीं है। दीप के परिवार में उनकी मां, पत्नी और डेढ़ साल का मासूम बेटा है।

परिवार ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले दीप की अचानक तबीयत खराब हो गई। अस्पताल ले जाने पर पता चला कि उसकी एक किडनी खराब हो गई है। ऐसे में उसके इलाज के लिए टांडा अस्पताल दाखिल करवाया गया। मगर वहां उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद जब उसे बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ लाया गया- तो वहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी दोनों किडनियां पूरी तरह फेल हो चुकी हैं।
डॉक्टरों ने दीप कुमार की किडनी ट्रांसप्लांट करने को कहा है। जिसका खर्चा लगभग 10 से 12 लाख आएगा। मगर उनके पास इतने पैसे नहीं है कि वो अपने बेटे का इलाज करवा सकें।

इस गंभीर बीमारी से जूझ रहे दीप कुमार के सामने अब एक और बड़ी चुनौती खड़ी है-पैसों की कमी। कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण दीप कुमार का परिवार महंगे इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ हैं। आज दीप की जिंदगी इस बात पर टिकी है कि समय रहते उसकी किडनी ट्रांसप्लांट हो सके।
दीप को बचाने के लिए परिजन हर संभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कम समय में इतनी बड़ी रकम जुटाना आसान नहीं है। परिवार पहले से ही इलाज में जमा पूंजी खर्च कर चुका है और अब समाज की मदद की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है। उन्होंने अब थक हार कर समाजसेवी संस्थाओं व लोगों से बेटे के इलाज के लिए मदद करने की गुहार लगाई है।

दीप की ऐसी हालत देख उसकी मां-पत्नी बेहद परेशान हैं। दीप को दर्द और तकलीफ में देखकर मानसिक रूप से बेहद व्यथित हैं। परिवार रात-दिन दीप के जल्द सही-सलामत होने की कामना कर रहा है।
दीप के परिवार का कहना है कि हमने पूरी कोशिश की है कि इलाज किसी भी हाल में रुकने न पाए। अब हम आर्थिक रूप से बहुत कमजोर पड़ गए हैं। हम किसी से मजबूरी में नहीं, बल्कि अपने घर के इकलौते सहारे को बचाने की आस में मदद की गुहार लगा रहे हैं।

दीप की हालत नाजुक है और समय उनके खिलाफ जा रहा है। परिवार ने लोगों से अपील की है कि वे आगे आकर मदद करें, दान दें और इस संदेश को ज्यादा से ज्यादा साझा करें- ताकि दीप के इलाज में कोई रुकावट ना आए।
दीप के परिवार ने अपना अकाउंट नंबर शेयर किया है। जो लोग भी दीप की मदद करना चाहते हैं- वो दीप की पत्नी दया देवा के अकाउंट नंबर पर पैसे भेज सकते हैं।