शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट बदल चुका है और आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक प्रदेश में एक बार फिर मौसम तबाही मचाने की तैयारी में है। भारी बारिश, बर्फबारी के साथ.साथ तेज अंधड़ चलने की आशंका जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। वहीं ओलावृष्टि किसानों बागवानों की फसलों को तबाह कर सकती है।

आज कई जगह हुई बफबारी

गुरुवार को दो दिन की साफ मौसम की स्थिति के बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होते ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल गया। रोहतांग दर्रा और आसपास की ऊंची चोटियों पर रुक-रुक कर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया, जिससे ठंड में एक बार फिर इजाफा हुआ है। हालांकि अटल टनल और जलोड़ी दर्रे से वाहनों की आवाजाही फिलहाल सामान्य बनी रही, लेकिन हालात कभी भी बदल सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: IPL 2026 के दूसरे फेज का शेड्यूल जारी, धर्मशाला स्टेडियम में होंगे तीन महामुकाबले

पांच दिन खराब रहेगा मौसम

कुल्लू और लाहौल-स्पीति क्षेत्रों में मौसम के बिगड़ने का असर साफ देखने को मिल रहा है। ठंड बढ़ने के साथ-साथ करीब 50 से ज्यादा सड़कें अभी भी बंद पड़ी हैं, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं राजधानी शिमला में दिनभर धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली का दौर जारी रहा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ा हा.दसा: पंजाब के श्रद्धालुओं से भरा ट्रक पलटा, चीख-पुकार से दहला क्षेत्र

 

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आने वाले पांच दिनों के लिए चेतावनी जारी की है। 26 और 27 मार्च को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि 28 से 31 मार्च के बीच मौसम और ज्यादा खराब रहने के आसार हैं। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।

दो दिन भारी तबाही मचा सकता है मौसम

खास तौर पर 29 और 30 मार्च को पूरे प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य जिलों में तेज अंधड़ और तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे किसानों और बागवानों को नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 1 अप्रैल तक ऊंचाई और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं अप्रैल के पहले सप्ताह में भी मौसम पूरी तरह साफ होने के आसार नहीं हैं और बीच-बीच में बारिश का दौर बना रह सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में महंगा हो गया पेट्रोल-डीजल, इन पंपों पर आज से लागू हुए नए रेट; जानें कितने बढ़े दाम

 

कुल मिलाकर हिमाचल में आने वाले दिनों में मौसम चुनौती बन सकता है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है, क्योंकि भारी बारिश, बर्फबारी और तेज हवाएं जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें