शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी बसों HRTC में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव लागू हो गया है। बुधवार रात 12 बजे से ‘हिम बस कार्ड’ को पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है।

HIM बस कार्ड अनिवार्य

अब किसी भी प्रकार की रियायती यात्रा का लाभ लेने के लिए यात्रियों के पास यह कार्ड होना जरूरी होगा। बिना कार्ड के सफर करने पर सभी श्रेणियों के यात्रियों, यहां तक कि महिलाओं को भी पूरा किराया देना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंजाब की तरफ से NO ENTRY! एक अप्रैल से आना-जाना होगा बंद- जानिए क्या है कारण

बिना कार्ड के लगेगा पूरा किराया

हालांकि, स्कूली छात्रों को इस नियम में अस्थायी राहत दी गई है। पहली से 12वीं कक्षा तक के छात्र 31 मई तक अपना HIM बस कार्ड बनवा सकते हैं। इस अवधि के दौरान वे पहले की तरह यात्रा कर सकेंगे।

स्कूली छात्रों को थोड़ी राहत

निगम प्रबंधन ने यह फैसला स्कूलों के हाल ही में खुलने, परीक्षाओं के दौर और बदलते मौसम को देखते हुए लिया है- ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो। मगर 31 मई के बाद बिना कार्ड किसी भी छात्र को मुफ्त या रियायती यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव : आज जारी होगा आरक्षण रोस्टर, कल से लोगों को लुभाएंगे भावी उम्मीदवार

1.70 लाख HIM कार्ड बने

परिवहन निगम के अनुसार अब तक प्रदेशभर में करीब 1.70 लाख हिम बस कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसके अलावा लगभग 3 हजार कार्ड अभी प्रक्रिया में हैं, जिन्हें अगले तीन से चार दिनों में जारी करने का दावा किया गया है। निगम ने यह भी साफ किया है कि नए कार्ड बनाने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी, ताकि कोई भी पात्र यात्री इससे वंचित न रह जाए।

महिलाओं को छूट, लेकिन...

हिमाचल में सरकारी बसों में महिलाओं को मिलने वाली 50 फीसदी किराया छूट जारी रहेगी, लेकिन अब यह सुविधा केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगी, जिनके पास हिम बस कार्ड होगा। यानी छूट की सुविधा खत्म नहीं हुई है, बल्कि इसे डिजिटल पहचान से जोड़ा गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : BPL में शामिल होने का मौका, आज शाम तक करना होगा आवेदन

पुराने कार्ड बंद, नई व्यवस्था लागू

पहले पुरुष यात्रियों को ग्रीन और येलो कार्ड के जरिए 30 और 20 प्रतिशत की छूट मिलती थी। अब इन दोनों कार्डों को समाप्त कर दिया गया है और उनकी जगह ‘हिम बस कार्ड’ ने ले ली है। परिवहन निगम ने सभी कंडक्टरों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे बिना कार्ड किसी को भी रियायत न दें। इस कदम का मकसद व्यवस्था को पारदर्शी बनाना और फर्जी लाभ लेने वालों पर रोक लगाना है।

डिजिटल सिस्टम से बढ़ेगी पारदर्शिता

निगम का कहना है कि हिम बस कार्ड लागू करने के पीछे मुख्य उद्देश्य परिवहन व्यवस्था को डिजिटल और व्यवस्थित बनाना है। इससे यात्रियों का डेटा सुरक्षित रहेगा और छूट का लाभ सही लोगों तक पहुंचेगा। साथ ही राजस्व में भी पारदर्शिता आएगी।

यह भी पढ़ें : HRTC के बुरे हाल- छत से टपक रहा पानी, ड्राइवर ने छतरी खोलकर चलाई सवारियों से भरी बस

बिजली मिलेगी सस्ती

इसी के साथ नए वित्त वर्ष की शुरुआत में राज्य सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को हल्की राहत दी है। अब बिजली दरों में 1 पैसे प्रति यूनिट की कमी की गई है, जिससे घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को मामूली फायदा मिलेगा। प्रदेश में करीब 1 लाख 28 हजार उपभोक्ता इससे प्रभावित होंगे।

आज से शराब महंगी

वहीं दूसरी ओर, शराब के शौकीनों को झटका लगा है। नए ठेकों की नीलामी 10 फीसदी अधिक दर पर होने के कारण शराब की कीमतों में 70 से 180 रुपये प्रति बोतल तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें