शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन बाद सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जगह गरज-चमक, तेज हवाएं और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए आगामी दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।
प्रदेश के कुछ इलाकों में हुई हल्की बारिश
बता दें कि बीते कल बुधवार को मौसम ने करवट बदली और कई जिलों में बारिश व गरज-चमक देखने को मिली। प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में 100 और स्कूल होंगे बंद : दूरदराज इलाकों में बढ़ेगी परेशानी, सरकार के फैसले से नाराज
किसानों और बागवानों की बढ़ी चिंता
मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन किसानों और बागवानों की चिंता भी बढ़ गई है। शिमला, जुब्बरहट्टी, सुंदरनगर, जोत और कांगड़ा समेत कई इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में गरज के साथ बूंदाबांदी होती रही।
कहां कितनी बारिश दर्ज
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 31 मिलीमीटर बारिश संगराह में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शिमला में 18 मिमी, नाहन में 13.2 मिमी, मंडी में 7.6 मिमी, काहू में 7.4 मिमी और बर्थिन में 6.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं सराहन, सोलन, पालमपुर और जटन बैराज में भी अच्छी बारिश हुई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : आज से शुरू होगा नामांकन, गांवों में बढ़ी हलचल- कई रिश्ते दांव पर
ऊपरी इलाकों में हुई ओलावृष्टि
बारिश के साथ कई जगह तेज हवाएं भी चलीं। खासकर सेओबाग क्षेत्र में तेज हवाओं का असर देखने को मिला। वहीं शिमला के ऊपरी इलाकों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे सेब और दूसरी बागवानी फसलों को नुकसान पहुंचने की खबर सामने आई है। बागवानों का कहना है कि मौसम में अचानक आए बदलाव से फलों की फसल प्रभावित हो सकती है।
नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर हिमाचल प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इसी के चलते गुरुवार, 11 मई और 12 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की ये पंचायत दूसरी बार चुनी गई निर्विरोध : रिटायर्ड टीचर को बनाया प्रधान
गरज-चमक के साथ होगी बारिश
मौसम विभाग ने 11 और 12 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन दिनों कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले इलाकों में ज्यादा समय न बिताने की अपील की है।
