शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम में बदलाव के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम का हाल देखकर ही पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने की सलाह दी है। जानें प्रदेश में अगले दिनों कैसा रहेगा मौसम।
बारिश और बर्फबारी की संभावना
राजधानी शिमला समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में सुबह से ही धूप खिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टरबेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है। इसके चलते अगले 72 घंटे तक मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि, ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में 2 नवंबर तक हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नवंबर माह लाएगा बड़ी सौगात: कर्मचारियों-पेंशनरों को DA - तो व्यापारियों को GST में राहत
ऊंचे इलाकों में और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ऊंचाई वाले इलाकों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। वहीं, दिन के तापमान में भी सामान्य से 3 से 6 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान पहले से ही सामान्य से कम चल रहा है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की सुप्रीम कोर्ट में हार : अनुबंध कर्मियों के हक में आया फैसला, चुकाने होंगे 8 हजार करोड़
सोलन में तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री कम होकर 22.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। कल्पा में भी तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री गिरकर 14 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, शिमला में एक डिग्री की गिरावट के बाद अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
रात में जमाव बिंदु के करीब पहुंचा तापमान
प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में रात के समय ठंड काफी बढ़ गई है। कई जगहों पर तापमान शून्य के आसपास पहुंच गया है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ताबो में तापमान 2.5 डिग्री रहा। ऐसे में इन इलाकों में सुबह और रात के समय लोगों को ज्यादा ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें: मुझे तो शुगर है ही नहीं... CM ने करवाया टेस्ट तो मशीन ने दिखाई 177 की रीडिंग, उपकरणों पर उठे सवाल
अक्टूबर में सामान्य से 20 फीसदी ज्यादा बरसे बादल
हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर महीने के दौरान अब तक सामान्य से 20 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। किन्नौर और सिरमौर को छोड़कर प्रदेश के बाकी सभी जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
कांगड़ा जिले में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। यहां सामान्य से 115 फीसदी अधिक बादल बरसे हैं। इसके अलावा बिलासपुर में 62 फीसदी, सोलन में 43 फीसदी, हमीरपुर में 41 फीसदी और ऊना में 29 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस चायवाले का हुनर देख दंग रह जाएंगे आप, वेस्ट लकड़ी से बना देता है हूबहू कलाकृतियां
वहीं, चंबा में सामान्य से 7 फीसदी, कुल्लू में 2 फीसदी, लाहौल-स्पीति में 13 फीसदी और शिमला में 6 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। मंडी में बारिश सामान्य रही। दूसरी तरफ किन्नौर में सामान्य से 46 फीसदी और सिरमौर में 38 फीसदी कम बारिश हुई है।
3 नवंबर से मौसम होगा साफ
मौसम विभाग के अनुसार, 3 नवंबर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इसके बाद अगले कुछ दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ना शुरू हो जाएगा। इससे लोगों को बढ़ती ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।
