शिमला। हिमाचल प्रदेश में कुछ दिनों की राहत के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। पहाड़ों पर अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 14 अगस्त को तीन जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल में फिर बिगड़ेगा मौसम

जबकि कई अन्य जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। ऐसे में बारिश के साथ भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने का खतरा भी बना रहेगा। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।

यह भी पढ़ें : चंबा केस में बड़ा ट्विस्ट : मां बोली- रावी में नहीं फेंका, मेरे बच्चे को कहीं और छिपा रखा है

आज चार जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 14 अगस्त को पश्चिमी विक्षोभ के अधिक सक्रिय होने से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। कल बिलासपुर, कांगड़ा और सिरमौर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके अलावा हमीरपुर, चंबा, मंडी, शिमला और सोलन में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

नदी-नालों से दूर रहने की एडवाइजरी

ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लोगों को नदी-नालों और खड्डों के आसपास जाने से बचने तथा भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें प्रभावित होने और अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा भी बना रह सकता है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में आज सुंदर सिंह के नाम पर लगेगी मुहर : कुई मंत्रियों से छिन सकती है पॉवर

स्वतंत्रता दिवस पर भी बारिश से राहत नहीं

15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस पर भी प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद नहीं है। इस दिन बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन, सिरमौर और लाहौल-स्पीति में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

16 अगस्त तक रहेगी बारिश

वहीं, 16 अगस्त को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में भी भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट रहेगा। यानी स्वतंत्रता दिवस के आसपास प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : HC का बड़ा फैसला : पिता की जमीन पर बेटियों का भी पूरा हक, सिर्फ बेटों का नहीं है अधिकार

धूप से चढ़ा तापमान

इससे पहले बीते 24 घंटों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहा। कई क्षेत्रों में धूप खिलने से औसत अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंडी में तापमान 10.2 डिग्री बढ़कर 35.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सुंदरनगर में 9.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ तापमान 35.1 डिग्री, कांगड़ा में 8.5 डिग्री बढ़कर 33.4 डिग्री, सोलन में आठ डिग्री बढ़कर 31 डिग्री और शिमला में 7.5 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मानसून में अब तक 7 फीसदी कम बारिश

हिमाचल में मानसून सीजन के दौरान अब तक सामान्य से सात फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। हमीरपुर में सामान्य से 47 फीसदी, लाहौल-स्पीति में 51 फीसदी, मंडी में 23 फीसदी और कांगड़ा में 15 फीसदी कम बारिश हुई है।

यह भी पढ़ें : नहीं मान रहे पर्यटक- HP पुलिस पर हरियाणा के युवकों ने उठाया हाथ, गाली-गलौज कर...

पर्यटकों को सतर्क रहने सलाह

वहीं चंबा में सामान्य से छह फीसदी, किन्नौर में 23 फीसदी, कुल्लू में 32 फीसदी, शिमला में 26 फीसदी और सिरमौर में 11 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की जरूरत है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें