शिमला। हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम ने अचानक करवट ली है। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई है। कई क्षेत्रों में आज सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश जारी है, जिसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है और पहाड़ी इलाकों में मौसम सुहावना हो गया है।

हिमाचल में कूल-कूल हुआ मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले छह दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला थमने वाला नहीं है। आज के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में पंचायत चुनावों की तारीखों का ऐलान- 30 मई तक होगी वोटिंग, आचार संहिता लागू

ओलावृष्टि-तेज हवाओं का अलर्ट

इन इलाकों में तेज बारिश के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। वहीं, मध्यम ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के बाकी जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

तेज तूफान के साथ होगी बारिश

मौसम विभाग ने 30 अप्रैल और 1 मई के लिए भी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में येलो अलर्ट जारी किया है। इन दिनों भी मौसम के तेवर तीखे रह सकते हैं और ओलावृष्टि के साथ तेज तूफान की स्थिति बन सकती है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में सरकारी अफसर की दबंगई...ऑफिस कर्मियों से कटवाई अपने खेतों की गेहूं, उठवाया गोबर

कई इलाकों में जमकर बारिश

हालांकि, 2 मई को पश्चिमी विक्षोभ थोड़ा कमजोर पड़ेगा, लेकिन तब भी ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी रहने के आसार हैं। इसके बाद 3 और 4 मई को एक बार फिर मौसम सक्रिय होगा और प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

तापमान में गिरावट दर्ज

बारिश और बादलों की इस आवाजाही का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। 28 अप्रैल को हुई हल्की बारिश के बाद कई शहरों के तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर पारा 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया, जिसमें सोलन सबसे अधिक प्रभावित रहा। तापमान में इस गिरावट ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में 387 करोड़ के फर्जीवाड़े का खुलासा : हजारों छात्रों को बेची फर्जी डिग्री, आरोपी भगौड़ा घोषित

मौसम हुआ सुहावना

प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में अब ठंडी हवाएं चल रही हैं और वातावरण बेहद सुहावना हो गया है। लंबे समय से पड़ रही गर्मी से परेशान लोगों ने इस बदलाव के बाद राहत की सांस ली है। आने वाले दिनों में भी मौसम का यही मिजाज बना रहने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर फिलहाल कम ही रहने वाला है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें