शिमला। हिमाचल प्रदेश में गर्मी से राहत का दौर जारी रहने वाला है, लेकिन इसके साथ ही खराब मौसम लोगों की परेशानी भी बढ़ा सकता है। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आज भारी ओलावृष्टि, तेज हवाओं और तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, चंबा और कांगड़ा जिलों के लिए बारिश, आंधी और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें- आस्था के नाम पर पार्टी! पराशर मेले में मंदिर परिसर बना शराबियों का अड्डा- बोतलों का ढेर
20 और 21 जून को ज्यादा सक्रिय रहेगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के मुताबिक 20 और 21 जून को पश्चिमी विक्षोभ अधिक सक्रिय रहेगा। इस दौरान किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है। 22 जून को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
अगले 48 घंटे के दौरान अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि 23 जून से पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के संकेत मिल रहे हैं, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इसके बाद भी बारिश जारी रह सकती है।
यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार ने दिया बड़ा झटका- बिजली बिल में जुड़ेगा फ्यूल चार्ज, ग्राहकों पर बढ़ा बोझ
सामान्य से कम रहेगा तापमान
पूर्वानुमान के अनुसार मैदानी और निचले क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान 32 से 36 डिग्री और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 18 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। लाहौल-स्पीति समेत ऊंचे क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।
पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को भूस्खलन, तेज हवाओं और अचानक बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने को कहा गया है।
