शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की दस्तक से पहले ही मौसम ने करवट बदल ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 10 जिलों में तेज बारिश, भारी ओलावृष्टि, आंधी और तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है।

बारिश का ऑरेंज अलर्ट

चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए आज और कल ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी जिलों में यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल-पंजाब के बिगड़े रिश्ते : एंट्री वसूली पर निहंग सिखों का बवाल- दोबारा लगेगा खालसा टैक्स

अगले दो दिन भारी

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। इसके अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

23 जून तक जारी रहेगा बारिश का दौर

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में 23 जून तक बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। हालांकि ऑरेंज अलर्ट केवल आज और कल के लिए जारी किया गया है, जबकि यलो अलर्ट 21 जून तक प्रभावी रहेगा।

यह भी पढ़ें : डिप्टी CM के घर में नए प्रधान का तगड़ा एक्शन- शपथ के 1 घंटे बाद ही की ताबड़तोड़ कार्रवाई

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून गतिविधियों के कारण मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मानसून के औपचारिक प्रवेश से पहले ही प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है। बीते एक सप्ताह में हिमाचल में सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

सामान्य से 15 फीसदी अधिक बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 10 जून से 17 जून के बीच प्रदेश में सामान्य तौर पर 24.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज होती है, लेकिन इस बार इसी अवधि में 27.9 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से करीब 15 फीसदी अधिक है। इससे साफ है कि मानसून से पहले ही प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल का 7 हजार करोड़ लौटाएं पंजाब-हरियाणा, CM सुक्खू ने दिल्ली जाकर मांगा अपना हक

किसान-बागवान रहें सतर्क

मौसम विभाग ने किसानों, बागवानों और आम लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और ओलावृष्टि के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने तथा बिजली चमकने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें