शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज सुबह से ही मौसम सुहाना बना हुआ है। मगर आने वाले दिनों में मौसम लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। प्रदेश के मैदानी और कम ऊंचाई वाले इलाकों में तेज गर्मी का असर लगातार बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

हिमाचल में चलेगी HEATWAVE

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हो सकती है। जिससे कई क्षेत्रों में गर्म हवाएं चलने की स्थिति बनेगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के मरीजों की चिंता बढ़ी : PGI में रुक सकता है फ्री इलाज- हिमकेयर योजना का नहीं हुआ भुगतान

तेज गर्मी करेगी परेशान

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 24 और 25 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना रहेगा। बारिश की गतिविधियां कम होने और तेज धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में तेजी से इजाफा होगा। दोपहर के समय विशेष रूप से मैदानी इलाकों में गर्मी लोगों को अधिक परेशान कर सकती है।

लू चलने का अलर्ट

26 मई से ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा और सोलन जिलों के कुछ क्षेत्रों में लू चलने की आशंका जताई गई है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : आज 3 बजे के बाद थमेगा प्रचार का शोर; 48 घंटे तक ठेके-BAR बंद

कई जिलों में बढ़ेगा तापमान

इसके अगले दिन यानी 27 मई को गर्मी का दायरा और बढ़ सकता है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंचने की संभावना है।

मौसम बदलाव के नहीं मिले संकेत

प्रदेश के पहाड़ी जिलों में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने का अनुमान है। शिमला, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में अगले दो दिनों तक किसी बड़े मौसम बदलाव के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि वहां भी दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस की जा सकती है।

यह भी पढ़ें : एक्टिव मोड में सरकार : पंचायत चुनाव के बाद गांव-गांव जाएंगे CM, मंत्री-विधायक भी सुनेंगे समस्याएं

बर्फबारी से मिली राहत

बीते दिनों हुई हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण लोगों को कुछ राहत मिली थी। मगर अब मौसम साफ होने के बाद गर्मी ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। कई जिलों में तापमान लगातार ऊपर जा रहा है। ऊना में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जबकि मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा और बिलासपुर में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है।

लोगों को दी सलाह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों और मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में कम निकलने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अधिक सतर्क रहने को कहा गया है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर को ठंडा रखने की भी सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें : आचार संहिता में कैबिनेट बैठक कर फंसी सुक्खू सरकार, एक्शन में चुनाव आयोग; मांगा स्पष्टीकरण

फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि 28 मई के बाद प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कुछ इलाकों में बादल छाने, गरज-चमक होने और हल्की बारिश की संभावना बन रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें