शिमला। हिमाचल प्रदेश में अब मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। पिछले कई दिनों तक बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को मई महीने में भी राहत महसूस हो रही थी। मगर अब प्रदेश में गर्मी अपना असर दिखाने लगी है।

आज से हिमाचल में गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, आज से प्रदेशभर में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज होगी और 21 मई तक मौसम साफ बने रहने की संभावना है। लगातार धूप खिलने से आने वाले दिनों में तापमान चार से पांच डिग्री तक बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल नगर निकाय चुनाव : लोगों में भारी उत्साह, वोट डालने के लिए बूथ के बाहर लगी लंबी-लंबी कतारें

तापमान में आया उछाल

इस बार मई महीने में सामान्य से अधिक बारिश होने के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। बीते 24 घंटों के दौरान भी कई इलाकों में तापमान औसत से कम दर्ज किया गया, जिससे लोगों को गर्मी का ज्यादा एहसास नहीं हुआ। हालांकि, अब साफ मौसम के चलते विशेषकर मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज गर्मी पड़ने लगेगी।

दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म

ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन के निचले क्षेत्रों में दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : प्रत्याशी ने पहले वापस लिया नामांकन, फिर अधिकारी से फार्म छीन हुआ फरार; थाने पहुंचा मामला

दोपहर को बाहर निकलना मुश्किल

लंबे समय बाद प्रदेशवासियों को मई महीने वाली असली गर्मी महसूस होने लगेगी। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम होने की संभावना है। जबकि लोग सुबह और शाम के समय ही जरूरी काम निपटाने को प्राथमिकता देंगे।

किसानों-बागवानों पर असर

गर्मी बढ़ने का असर किसानों और बागवानों पर भी साफ दिखाई देगा। लगातार बारिश और ठंडे मौसम के कारण खेतों में नमी बनी हुई थी। मगर अब तेज धूप के चलते मिट्टी तेजी से सूखने लगेगी।

यह भी पढ़ें : एक-दो नहीं... युवक ने दोस्त पर चा**कू से कर दिए कई वा*र, दृश्य देख लोगों की निकली चीखें

फसलों को नुकसान का खतरा

किसानों को फसलों की सिंचाई पर ज्यादा ध्यान देना होगा, खासकर सब्जियों और मक्की की फसलों में पानी की जरूरत बढ़ सकती है। दूसरी ओर सेब, प्लम और अन्य फलों के बागानों में धूप फलों की गुणवत्ता के लिए फायदेमंद मानी जा रही है। मगर अत्यधिक तापमान बढ़ने पर छोटे पौधों और नई फसल को नुकसान का खतरा भी रहेगा।

स्कूलों बच्चों को परेशानी

स्कूली बच्चों के लिए भी आने वाले दिन चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। सुबह स्कूल जाते समय मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन दोपहर में छुट्टी के दौरान तेज धूप और बढ़ता तापमान बच्चों को परेशान कर सकता है। अभिभावकों को बच्चों को पर्याप्त पानी पिलाने और धूप से बचाव के उपाय करने की सलाह दी जा रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खो दिया 26 साल का बहादुर जवान, एक माह पहले ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौटा था

कब होगी बारिश?

मौसम विभाग के मुताबिक, 22 मई को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में दोबारा गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।

मई महीने में मौसम साफ

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मई महीने में अब तक सामान्य से करीब 8 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। यही कारण रहा कि इस बार मई के मध्य तक भी प्रदेश में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा। मगर अब लगातार साफ मौसम और तेज धूप के चलते हिमाचल के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर तेजी से बढ़ने वाला है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें