शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मौसम विभाग ने आज कई जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के असर को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं, बारिश और खराब मौसम देखने को मिल सकता है।

मौसम ने बदली करवट

मई महीने की भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। एक तरफ जहां मैदानी इलाकों में लोग तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान थे, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की ऊंची चोटियों रोहतांग, बारालाचा और कुंजुम में ताजा बर्फबारी हुई।

 

यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह हिमाचल में लागू करेंगे कर्नाटक का फॉर्मूला, पहाड़ की सड़कें होंगी अब ज्यादा टिकाऊ

 

शिमला, कुफरी, मशोबरा और जुब्बल में ओलावृष्टि और बारिश से मौसम सुहावना हो गया। मौसम में आए इस बड़े बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन बागवानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि ओलों से सेब और अन्य फलों की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

बागवानों की बढ़ाई चिंता

वहीं राजधानी शिमला समेत मशोबरा, कुफरी और जु्ब्बल जैसे इलाकों में ओलावृष्टि हुई। कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश भी दर्ज की गई। मौसम के अचानक बदले इस रूप से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन सेब और दूसरे फलों की खेती करने वाले बागवानों की चिंता बढ़ गई है। ओले गिरने से सेब के छोटे फलों और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : ब्रेकिंग: हिमाचल बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी बड़ा खुलासा, फॉरेंसिक जांच ने खोले राज; पैकिंग लिफाफे भी बदले

तापमान में आई भारी गिरावट, लोगों ने ली राहत की सांस

प्रदेश में बारिश, बर्फबारी और तेज आंधी का असर तापमान पर भी साफ देखने को मिला। कई इलाकों में दिन के तापमान में 6 से 11 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा असर कुल्लू के भुंतर में देखने को मिला, जहां अधिकतम तापमान में 11.7 डिग्री की कमी आई। इसके अलावा मनाली में 9.8 डिग्री, कुफरी में 9 डिग्री, सुंदरनगर में 8.7 डिग्री और मंडी में 7.8 डिग्री तापमान गिरा।

 

ऊना में भी तापमान 6.3 डिग्री तक कम हुआ। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकतम तापमान सामान्य से दो से आठ डिग्री तक नीचे दर्ज किए गए हैं। पिछले कई दिनों से तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोग अचानक बदले मौसम से राहत महसूस कर रहे हैं। खासकर शिमला, मनाली और आसपास के इलाकों में मौसम काफी सुहावना हो गया है।

 

यह भी पढ़ें : ब्रेकिंग: हिमाचल बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी बड़ा खुलासा, फॉरेंसिक जांच ने खोले राज; पैकिंग लिफाफे भी बदले

पर्यटन स्थलों में उमड़ी पर्यटकों की भीड़

मैदानी राज्यों में बढ़ती गर्मी के कारण इन दिनों हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मौसम सुहावना होने और बर्फबारी की खबर मिलने के बाद पर्यटक बड़ी संख्या में शिमला और मनाली का रुख कर रहे हैं। होटल कारोबारियों के अनुसार मनाली के होटलों में करीब 85 प्रतिशत तक कमरे बुक हैं। वहीं शिमला में 75 से 80 प्रतिशत तक होटल भरे हुए हैं। धर्मशाला में भी 80 प्रतिशत से ज्यादा होटल बुक बताए जा रहे हैं।

कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं

शुक्रवार सुबह से ही प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब बना रहा। कई जगहों पर रुक-रुक कर बारिश होती रही और तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश कल्पा में 13.4 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा मनाली और भुंतर में 10-10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

 

यह भी पढ़ें : आचार संहिता में सुक्खू कैबिनेट ने दी महिलाओं को 1500 रुपए देने की मंजूरी, 3 साल बढ़ाई रिटायरमेंट उम्र 

 

तेज हवाओं और बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन कुछ जगहों पर आंधी और ओलावृष्टि से नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं। खासकर बागवानी क्षेत्रों में किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है।

शनिवार को भी मौसम रहेगा खराब, येलो अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार शनिवार को भी पश्चिमी विक्षोभ का असर हिमाचल प्रदेश में बना रहेगा। ऊंची चोटियों में बर्फबारी और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

 

मौसम विभाग ने लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़ प्रदेश के बाकी जिलों में कुछ स्थानों पर तेज आंधी चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि 24 मई तक मौसम का यह असर बना रह सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

 

यह भी पढ़ें : निकाय चुनाव ने सीएम सुक्खू में भरा जोश: बोले - 2027 से पहले अच्छे संकेत, भाजपा को बताया झूठी पार्टी

25 और 26 मई को फिर बढ़ सकती है गर्मी

हालांकि फिलहाल मौसम सुहावना बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 25 और 26 मई को प्रदेश के मैदानी और निचले इलाकों में लू चल सकती है। ऐसे में लोगों को एक बार फिर तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।