शिमला। हिमाचल प्रदेश में तीन दिन तक मौसम साफ रहने के बाद अब एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाला एक सप्ताह प्रदेश के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकता है। तेज बारिश, बर्फबारीए ओलावृष्टि और आंधी.तूफान की आशंका ने लोगों के साथ.साथ किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है।
एक हफ्ते तक खराब रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज रात से प्रदेश में एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसका असर अगले आठ दिन तक रहेगा। यानी अब हिमाचल में अगले 8 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा। कल 3 अप्रैल से शुरू होने वाला यह दौर लगातार बारिश और बर्फबारी लेकर आएगा, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : तेज रफ्तार बाइक पहाड़ी से सीधे फोरलेन पर गिरी, मौके पर थमी शख्स की सांसें
दो दिन ऑरेंज अलर्ट, हालात रहेंगे ज्यादा चुनौतीपूर्ण
मौसम विभाग ने 3 और 4 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला समेत 10 जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तूफान की संभावना जताई गई है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में येलो अलर्ट भी जारी है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, निचले क्षेत्रों में तेज बारिश
पूर्वानुमान के मुताबिक ऊंचे पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी होगी, जबकि मध्यम और निचले क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलेंगी। 5 से 7 अप्रैल तक भी मौसम खराब रहेगा, जबकि 8 अप्रैल को फिर से मौसम के और ज्यादा बिगड़ने की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक ही परिवार की तीन महिलाएं लापता, मां-बेटी और ननद को तलाश रही पुलिस
तापमान में गिरावट, बढ़ी ठंड
मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिख रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा।
सेब बागवानों और किसानों की बढ़ी चिंता
इस खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर सेब बागवानों और किसानों पर पड़ सकता है। निचले क्षेत्रों में इस समय सेब की फ्लावरिंग चल रही है, ऐसे में ओलावृष्टि और तेज बारिश से फसल को भारी नुकसान हो सकता है। इसके अलावा गेहूं, मटर और सब्जियों पर भी असर पड़ने की आशंका है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में निकली बंपर भर्ती : भरे जाएंगे 250 पद, एक क्लिक में यहां जानें पूरी डिटेल
सूखे के बाद बदला मौसम का मिजाज
इस बार सर्दियों में लंबे समय तक सूखा रहा, लेकिन मार्च के दूसरे पखवाड़े के बाद मौसम ने करवट ली है। अब लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश और बर्फबारी का सिलसिला बना हुआ है, जिससे मौसम अस्थिर हो गया है।
पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान भूस्खलन, सड़क बाधित होने और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा बना रह सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 11 साल की दिन-रात मेहनत, भारतीय सेना में सब लेफ्टिनेंट बने अंकुश- परिवार भावुक
दो पश्चिमी विक्षोभ बढ़ाएंगे असर
विशेषज्ञों के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ पहले ही सक्रिय हो चुका है, जबकि 7 अप्रैल के आसपास एक और नया सिस्टम एक्टिव होगा। इन दोनों के असर से प्रदेश में 8 अप्रैल तक मौसम पूरी तरह से खराब बना रहेगा।
