शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जबकि निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश होने का पूर्वानुमान है।

आज बिगड़ेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, विशेष रूप से लाहौल-स्पीति और चंबा जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी हिमपात हो सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने टूरिस्टों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें : आखिर हिमाचल में हो क्या रहा है? अब सेब के बगीचे में मिली महिला की देह, रस्सी से बंधे से हाथ-पैर

पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी

खासतौर पर अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ों की ओर यात्रा न करने की एडवाइजरी जारी की गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। बर्फबारी के कारण कई इलाकों में सड़कों के बंद होने और फिसलन बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है।

तेज आंधी-तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट आने के आसार हैं, जिससे ठंड और अधिक बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बच्चों की सेहत से खिलवाड़ : CADBURY चॉकलेट में निकला जिंदा कीड़ा और अंडे

मौसम पर टिकी किसानों-बागवानों की नजर

राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के कारण लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। वहीं, बागवानी और कृषि से जुड़े किसानों की नजर भी मौसम पर टिकी हुई है।

3 दिन साफ रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में कल से लेकर अगले तीन दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान पूरे हिमाचल में धूप खिलने से लोगों को राहत मिलेगी और तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : महज 50 रुपये में मिलेगा मोबाइल, कपड़े और किताबें; जानें कहां और कैसे?

फिर होगी बारिश-बर्फबारी

मौसम विभाग ने बताया है कि 14 फरवरी को एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 14 और 15 फरवरी को प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में दोबारा बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

सर्तक रहने की सलाह

ऐसे में आने वाले दिनों में भी मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन और मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से अपील की गई है कि मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर ध्यान दें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें