शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे पूरे प्रदेश का मिजाज बदल गया है। जहां मार्च के महीने में गर्मी की शुरुआत होने की उम्मीद थी, वहीं अब कई जिलों में फिर से बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। इस बदले मौसम ने एक बार फिर ठंड की वापसी करा दी है, जिससे लोगों को जनवरी जैसी सर्दी का अहसास हो रहा है और तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है। साथ ही मौसम विभाग ने कुछ जिलों में अलर्ट जारी किया है।

ऊंचे पहाड़ों पर बिछी बर्फ की सफेद चादर 

बता दें कि  प्रदेश की मशहूर पर्यटन नगरी मनाली में बीते सोमवार रात हुई ताजा बर्फबारी ने पूरे इलाके को फिर से कड़ाके की ठंड में ढकेल दिया है। शहर से लेकर ऊंचे पहाड़ों तक हर तरफ बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है, जिससे नजारा बेहद खूबसूरत तो हो गया है, लेकिन लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पेड़ से झूलता मिला लापता व्यक्ति, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया- पत्नी रहती थी अलग

 डेढ़ फीट से ज्यादा ताजा बर्फबारी हुई रिकॉर्ड

जानकारी के अनुसार, मनाली शहर में करीब 2 इंच, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 5 इंच, अटल टनल रोहतांग में लगभग 8 इंच और रोहतांग दर्रा व शिंकुला जैसे इलाकों में डेढ़ फीट से ज्यादा ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है।  

बर्फबारी में सावधानी से चलने की सलाह 

लगातार हो रही बर्फबारी के चलते पहाड़ी सड़कों की हालत काफी खराब हो गई है। कई जगहों पर बर्फ जमने से सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं, जिसके कारण वाहन फिसलने के मामले सामने आ रहे हैं। हादसों को देखते हुए प्रशासन ने टूरिस्ट और स्थानीय लोगों को खास तौर पर सावधानी बरतने और धीरे-धीरे गाड़ी चलाने की सलाह दी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बर्फ ने छीना सुहाग: मौ*त को मात देकर खाई से बाहर आई पत्नी, पति को ना बचा सकी

माइनस में पहुंच गया तापमान 

पिछले तीन दिनों से जारी बारिश और बर्फबारी ने पूरे प्रदेश में ठंड को काफी बढ़ा दिया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि मार्च के महीने में भी जनवरी जैसी ठंड महसूस की जा रही है। तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 7.2 डिग्री नीचे चला गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे लुढ़क गया है। तीन जगहों पर रात का तापमान माइनस में पहुंच गया है। वहीं चंबा में दिन का तापमान भी गिरकर करीब 11.2 डिग्री सेल्सियस रह गया है।

 

इन जिलों में अलर्ट किया जारी 

मौसम विभाग (IMD) ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। खासकर चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट दिया गया है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी जारी रहने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सत्ता सुख भोग रही कांग्रेस, CM सुक्खू के मंत्री का सामने आया बड़ा बयान

बर्फबारी में बेकाबू हुई गाड़ी

इसी बीच सोलंग वैली से एक चौंकाने वाला मामला भी सामने आया है। यहां बर्फ पर फिसलने के बाद एक गाड़ी ड्राइवर के बिना ही चलने लगी। ड्राइवर ने गाड़ी में चढ़कर उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन गाड़ी काबू में नहीं आई और आखिरकार जाकर पहाड़ी से टकरा गई। गनीमत रही कि इस घटना में बड़ा हादसा नहीं हुआ।

 अगले 6 दिनों तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी 

IMD के अनुसार, हिमाचल में मौसम का यह मिजाज अभी जारी रहेगा। अगले 6 दिनों तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर चलता रहेगा। 18 से 20 मार्च के बीच कई इलाकों में भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। हालांकि 21 और 22 मार्च को मौसम थोड़ा कमजोर पड़ेगा, लेकिन हल्की बारिश और बर्फबारी फिर भी जारी रह सकती है।

 

आंधी-तूफान का येलो अलर्ट किया जारी 

मौसम विभाग ने किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर बाकी सभी जिलों में अगले 6 दिनों तक आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में प्रशासन ने सभी लोगों—खासतौर पर पर्यटकों—को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें