शिमला। हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले छह दिनों तक बारिश, आंधी-तूफान और भारी बारिश की संभावना जताई है। इसको लेकर कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और बिना जरूरी काम के जोखिम वाले इलाकों में जाने से बचें।

लैंडस्लाइड और नदी-नालों के पास जाने से बचने की सलाह

लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों के किनारे और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम खराब होने पर स्थानीय प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने को कहा गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 8 दिन से लापता 25 वर्षीय युवती की डैम में तैरती मिली देह, परिजनों की टूटी उम्मीद

प्रदेश में आंधी-तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर हिमाचल के बाकी सभी जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 1 जुलाई को भी किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों में यलो अलर्ट रहेगा।

2 जुलाई से बदलेगा मौसम का मिजाज

प्रदेश में 2 जुलाई से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इस दिन भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में मानसून से पहले तबाही: जाहलमा नाले में आई भीषण बाढ़, पुलिया बही; सैकड़ों पर्यटक फंसे

3 जुलाई को कई जिलों में तेज बारिश की संभावना

3 जुलाई को भी हिमाचल के कई इलाकों में भारी बारिश का खतरा बना रहेगा। कांगड़ा और मंडी जिले में कुछ जगहों पर बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है। इसके अलावा कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के बाकी हिस्सों में यलो अलर्ट रहेगा।

4 और 5 जुलाई तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

मौसम विभाग ने 4 और 5 जुलाई को भी प्रदेश के निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। लगातार बारिश के चलते सड़कें प्रभावित होने और भूस्खलन जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अगले सात दिन जमकर बरसेगी आफत, तेज बारिश के साथ चलेगा आंधी-तूफान; ऑरेंज अलर्ट जारी

हिमाचल में मानसून की एंट्री में हो रही देरी

हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का इंतजार अभी जारी है। इस बार मानसून सामान्य समय से करीब एक हफ्ते पीछे चल रहा है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अगले पांच से छह दिनों में मानसून प्रदेश के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ से मिल सकती है मानसून को रफ्तार

फिलहाल मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और नेपाल सीमा तक पहुंच चुका है, लेकिन आगे बढ़ने की गति धीमी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 2 जुलाई को सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ मानसून को आगे बढ़ने में मदद कर सकता है। अगर मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ा तो अगले चार-पांच दिनों में हिमाचल में मानसून दस्तक दे सकता है।