शिमला। मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का असर पूरे देश के साथ-साथ अब हिमाचल में भी दिखने लगा है। पेट्रोल-डीजल, गैस, दूध और दूसरी जरूरी चीजों के दाम लगातार बढ़ गए हैं, जिससे आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है। पहाड़ी राज्य होने की वजह से हिमाचल में महंगाई का असर लोगों की जेब पर ज्यादा पड़ सकता है।
पेट्रोल-डीजल की बचत तरने की अपील
बीते कुछ दिनों में केंद्र सरकार की तरफ से लिए गए कई फैसलों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने, संसाधनों का कम इस्तेमाल करने और जरूरत के हिसाब से खर्च करने की अपील की थी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : खड्ड में डूबा 17 वर्षीय छात्र, रुक गई थी सांसें...मसीहा बन पहुंचे दो लोग- दिया जीवनदान
सिलेंडर के बढ़े दाम
वहीं दूसरी तरफ दूध और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से घर चलाना भी महंगा होता जा रहा है। प्रदेश के शहरों से लेकर गांवों तक लोग पहले ही महंगे राशन और बढ़ते ट्रांसपोर्ट खर्च से परेशान हैं। अब कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा होने का असर होटल, ढाबों और छोटे कारोबारियों पर भी पड़ने लगा है।
तेल के दामों में हुई 3 रुपये तक की बढ़ोतरी
शिमला में पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पेट्रोल करीब 98 रुपये और डीजल 90 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। वहीं प्रीमियम पेट्रोल भी करीब 107 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कुछ ही दिनों में तेल के दामों में करीब 3 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : NH पर पलटी सवारियों से भरी बस, एक युवक आया नीचे- चीखों से दहला पूरा इलाका
किसानों की बढ़ेगी मुश्किलें
आने वाले दिनों में खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। हिमाचल के किसानों के लिए भी हालात आसान नहीं हैं। डीजल, खाद और खेती से जुड़ी दूसरी चीजों की कीमतें बढ़ने से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। पहाड़ी इलाकों में खेती पहले ही काफी मुश्किल मानी जाती है, ऊपर से महंगाई किसानों की परेशानी और बढ़ा सकती है। यही वजह है कि सरकार अब प्राकृतिक खेती और कम खर्च वाली खेती को बढ़ावा देने की बात कर रही है।
बढ़ते जा रहे लगातार सोने-चांदी के भाव
हाल ही में सरकार ने सोने पर टैक्स बढ़ा दिया है, जिसके बाद बाजार में सोना-चांदी और महंगे हो गए हैं। 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है, जबकि चांदी के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। CM भी लोगों से फिलहाल कम सोना खरीदने की अपील कर चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले समय में सोने के दाम और बढ़ सकते है।
यह भी पढ़ें-हिमाचल में आज से पेट्रोल-डीजल महंगा, आम आदमी की जेब पर बड़ा असर : यहां देखें नई रेट लिस्ट
दूध के दाम बढ़ रहे दाम
दूध के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। बड़ी डेयरी कंपनियों ने दूध करीब 2 रुपये प्रति लीटर महंगा कर दिया है। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से होटल, ढाबे और खाने-पीने का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है, जिससे आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है।
बढ़ सकती है और ज्यादा महंगाई
हालात देखकर यही लग रहा है कि अगर मिडिल ईस्ट में तनाव जल्द खत्म नहीं हुआ तो आने वाले महीनों में भारत में महंगाई और बढ़ सकती है। सरकार लगातार लोगों से तेल और दूसरे संसाधनों की बचत करने की अपील कर रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारत इस वैश्विक संकट का असर कम कर पाएगा या फिर आम लोगों को आने वाले दिनों में और ज्यादा महंगाई झेलनी पड़ेगी।
