शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने के कारण आज प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश को देखते हुए 4 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 6 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ऊना, हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, सोलन और शिमला में यलो अलर्ट है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- रेन शेल्टर में नशे की डील करने आया था गोपाल, ढेर सारे चिट्टे संग पुलिस ने धरा
नदी-नालों से रहें दूर
बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बाधित होने और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे में लोगों को नदी, नालों और खड्डों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से भी बचने को कहा गया है।
दो जिलों में नहीं बारिश
प्रदेश के किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में फिलहाल मौसम विभाग की ओर से बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की 2 जेलों में एक ही दिन मचा बवाल- कैदियों के गुट भिड़े; कई पुलिस कर्मचारी घायल
अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने का आग्रह किया गया है। बारिश के दौरान सड़क पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने और भूस्खलन संभावित मार्गों पर सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन ने लोगों से स्थानीय स्तर पर जारी होने वाली मौसम और आपदा संबंधी सूचनाओं का पालन करने को कहा है।
सावधानी बरतने की सलाह
खासकर नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों और पर्यटकों को सावधान रहने की जरूरत है। बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, इसलिए नदी किनारे फोटो खिंचवाने, घूमने या पानी के नजदीक जाने से बचने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बादल फटने से मची तबाही- सैलाब में बहा पुल; मंदिर जा रहे 50 श्रद्धालु रास्ते में फंसे
कब तक है बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 22 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है।
कमजोर पड़ सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और मौसम की स्थिति के अनुसार ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
