शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। फिलहाल प्रदेश के कई इलाकों में मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी का दौर दोबारा शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 11 मई से प्रदेशभर में मौसम खराब होने का पूर्वानुमान जताया है और तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

ऊपरी इलाकों में मौसम बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज प्रदेश के मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं ऊपरी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। विभाग का कहना है कि 9 मई को प्रदेशभर में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें-हिमाचल: देर रात शादी से लौट रहा था युवक- गहरी खाई में गिरी कार, चीखों से दहला इलाका

नया पश्चिमी विक्षोभ हो सकता है सक्रिय

बता दें कि  इसके बाद मौसम फिर से बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 10 मई को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर हिमाचल प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इसी के चलते 11, 12 और 13 मई के लिए बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

कुछ इलाकों में होगी हल्की बारिश 

मौसम विभाग का कहना है कि 11 मई को प्रदेश के ऊपरी और मध्य पहाड़ी इलाकों में कुछ जगह हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं निचले और मैदानी इलाकों में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के गुरुद्वारे में गलत काम! दो लड़कियों को कमरे में ले गए मैनेजर-प्रधान, FIR दर्ज

12 मई को मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना 

इसके बाद 12 मई को मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है। विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं निचले और मैदानी इलाकों में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

फिर से बर्फबारी देखने को मिल सकती है

13 मई को भी प्रदेशभर में मौसम खराब बना रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दिन हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम को ध्यान में रखकर यात्रा करने की सलाह दी गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें