शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। लगातार बढ़ती गर्मी और मैदानी इलाकों में झुलसाती धूप के बीच अब लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली हैं। मौसम विभाग के अनुसार 25 जून से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं के साथ मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
ऊना में पारा 39°C, मैदानी इलाके भीषण गर्मी से झुलसे
बता दें कि बीते कल मंगलवार को मौसम पूरी तरह साफ बना रहा, जिससे प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्मी का असर और अधिक बढ़ गया। तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को काफी परेशान किया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : आर्थिक तंगी के कारण नहीं किया दूसरा बच्चा, अब इकलौते बेटे ने लगाया फं.दा
मौसम विभाग के अनुसार ऊना में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के सबसे गर्म दिनों में से एक रहा। वहीं, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी के निचले क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया, जिससे दिन के समय जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
बढ़ रहा गर्मी का प्रकोप
दोपहर के समय गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण सड़कों पर सन्नाटा सा देखने को मिला। लोग घरों और छांव वाले स्थानों में रहने को मजबूर रहे। गर्मी के बढ़ते प्रकोप ने आम जनजीवन के साथ-साथ कामकाज पर भी असर डाला है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : मिस्त्री के बेटे ने यूरोप में रचाई शादी, करता है शेफ का काम- नवंबर में लौटेगा घर
फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
हालांकि, मौसम विभाग ने राहत भरी संभावना भी जताई है। विभाग के अनुसार 25 से 29 जून के बीच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने की संभावना है, जिसके चलते राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और अंधड़ आने की आशंका है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
पहाड़ों पर बर्फबारी से खिला मौसम का नजारा
इसी बीच पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ने बिल्कुल अलग रूप दिखाया। कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर सोमवार रात हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई। रोहतांग दर्रा और आसपास के क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई, जहां लगभग 5 से 10 सेंटीमीटर तक ताज़ा बर्फ जमी हुई देखी गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल टीचर सु.साइड केस : नोट में लिखा- पति का मेरी ही फ्रेंड के साथ अफेयर, बेटे को भी खतरा
बर्फ के बीच बढ़ रहा पर्यटकों का आकर्षण
इस बर्फबारी ने पूरे क्षेत्र की खूबसूरती को और बढ़ा दिया है और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। एक तरफ जहां मैदानी इलाके भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पहाड़ों पर बर्फबारी का यह नजारा मौसम के बदलते मिजाज को साफ दर्शा रहा है।
तापमान में आएगी गिरावट, गर्मी से मिलेगी राहत
फिलहाल प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश के बाद मौसम ठंडा होने की उम्मीद है। खासकर बारिश वाले क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
