शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए प्रदेश के पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के बीच भूस्खलन और जलभराव का खतरा बढ़ गया है। वहीं, 1 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।

बारिश ने मचाई तबाही

प्रदेश में मानसून की बारिश लगातार कहर बरपा रही है। चंबा, शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, कुल्लू समेत कई जिलों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन और जलभराव की घटनाएं सामने आई हैं। चंबा में 12 से ज्यादा वाहन मलबे में दब गए, जबकि कई घरों में भी मलबा घुस गया।

यह भी पढ़ें : पंजाबी संग चिट्टा बेचने निकले थे 5 यार, देर रात पुलिस से हुआ सामना- मन्नत भी अरेस्ट

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए पांच जिलों में अलग-अलग तारीखों पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, मंगलवार शाम 6 बजे तक प्रदेश में 179 सड़कें बंद रहीं। इसके अलावा 62 बिजली ट्रांसफार्मर और 59 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।

1 अगस्त तक कई इलाकों में होगी अच्छी बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 28 जुलाई से 1 अगस्त तक प्रदेश के निचले और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 28 से 30 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार से पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। हालांकि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

यह भी पढ़ें : पेपर लीक पर सियासी संग्राम : जयराम बोले- CM सुक्खू दें हिसाब, मित्रों ने खोल रखी हैं एजेंसियां

 
रेड और ऑरेंज अलर्ट के चलते नाहन के सभी स्कूल कल रहेंगे बंद
 

मौसम विभाग की ओर से 29 जुलाई के लिए सिरमौर जिले में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। एसडीएम नाहन ने उपमंडल के तहत आने वाले सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बुधवार को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। यह फैसला छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

किस दिन किन जिलों में रहेगा अलर्ट

  • 28 जुलाई को कांगड़ा और मंडी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं चंबा, कुल्लू, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट रहेगा।
  • 29 जुलाई को सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
  • 30 जुलाई को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन में येलो अलर्ट रहेगा। 
  • 31 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में येलो अलर्ट रहेगा। 
  • 1 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, मंडी और शिमला में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 545 करोड़ की सड़क....एक मानसून भी न टिक पाई, पहली बारिश में ही धंसी

बीते 24 घंटे में कहां कितनी बारिश हुई

पिछले 24 घंटों के दौरान चंबा जोत में सबसे ज्यादा 137.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा श्री नयना देवी में 118.0, मुरारी देवी में 83.0, घमरूर और शिमला में 58.2-58.2, ब्राह्मणी में 54.6, जोगिंद्रनगर में 52.0, बिलासपुर के मालरांव में 47.0, ओलिंडा में 44.0, ऊना में 45.2, हमीरपुर में 43.0, आरएल बीबीएमबी में 42.4, नगरोटा सूरियां में 42.2 और सैंज में 33.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

कोटरोपी में नई सड़क धंसी, एनएच पर बढ़ा खतरा

मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर कोटरोपी के पास हाल ही में बनी नई सड़क धंसने लगी है। इससे इस व्यस्त हाईवे पर भूस्खलन और यातायात ठप होने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। एसडीएम पद्धर सुरजीत ठाकुर ने लोगों से अपील की है कि इस रास्ते पर बिना जरूरत यात्रा करने से बचें और सुरक्षित रहने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। उन्होंने लोगों से प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है।