#अपराध
July 28, 2026
हिमाचल : पंजाबी संग चिट्टा बेचने निकले थे 5 यार, देर रात पुलिस से हुआ सामना- मन्नत भी अरेस्ट
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

कांगड़। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मन्नत सहित छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशे की खेप और नकदी बरामद की हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के पालमपुर से सामने आया है। यहां पर पुलिस 26 और 27 जुलाई की मध्य रात्रि को थाना पालमपुर की पुलिस टीम नियमित गश्त पर निकली हुई थी।
इसी दौरान पुलिस वार्ड नंबर-2 स्थित फॉरेस्ट कॉलोनी पहुंची। आने जाने वाले सभी लोगों और वाहनों पर नजर रखी जा रही थी। गश्त के दौरान पुलिस की नजर वहां मौजूद लोगों पर पड़ी, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं। शक होने पर पुलिस ने सभी को रोककर उनकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से कुल 3.71 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 6 हजार रुपये नकदी बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने बिना देरी किए सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना पालमपुर पहुंचाया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
बरामदगी के बाद थाना पालमपुर में सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अब यह जानने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों तक हेरोइन कहां से पहुंची थी। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा नशा तस्करी गिरोह या सप्लाई चेन तो काम नहीं कर रही। पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है और उनके मोबाइल, संपर्कों तथा अन्य जानकारियों को भी खंगाला जा रहा है। जांच के दौरान यदि किसी और व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गश्त बढ़ाने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास नशे की तस्करी या बिक्री से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।