धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में शराब खरीदने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। आबकारी एवं कराधान विभाग ने निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूलने वाले शराब ठेकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई की है। महज दो दिनों के भीतर विभाग ने ओवरचार्जिंग के आरोप में दो अलग-अलग शराब ठेकों को सील कर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि उपभोक्ताओं से मनमानी वसूली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जमुली के बाद अब पालमपुर के बंदला में कार्रवाई

बीते रोज कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के जमुली स्थित शराब ठेके को निर्धारित मूल्य से अधिक रकम वसूलने के आरोप में 24 घंटे के लिए सील किया गया था। वहीं रविवार को आबकारी विभाग ने पालमपुर के बंदला क्षेत्र में भी ओवरचार्जिंग की शिकायत सही पाए जाने पर शराब ठेके को सील कर दिया। बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही आबकारी विभाग ने धर्मशाला के पिंगल में भी ओवरचार्जिंग को लेकर शराब ठेका सील किया था। लगातार दो दिनों में हुई इन कार्रवाइयों से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पंजाब के श्रद्धालुओं की गाड़ी खाई में गिरी, मची चीख-पुकार; मां नयनादेवी के चमत्कार से बची...

शिकायतों के बाद विभाग ने बिछाया जाल

आबकारी विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ ठेकों पर शराब की बोतलों पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से 20 से 50 रुपये तक अधिक वसूले जा रहे हैं। शिकायतों की सच्चाई परखने के लिए विभागीय टीम ने औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई से पहले विभाग ने अपने एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर शराब खरीदने भेजा। जब उससे भी तय कीमत से अधिक पैसे वसूले गए तो टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ठेके को सील कर दिया।

 

यह भी पढ़ें : देवभूमि शर्मसार: अब कैफे में युवती से नीचता, युवक ने कई बार किया मुंह काला,18 से भी कम है उम्र

मनमानी वसूली करने वालों को सख्त चेतावनी

विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि भविष्य में किसी भी शराब ठेके से ओवरचार्जिंग की शिकायत सही पाई गई तो बिना किसी देरी के कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं को एमआरपी पर ही शराब उपलब्ध कराना प्रत्येक लाइसेंसधारी की जिम्मेदारी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

जुर्माना भी भरना पड़ेगा

आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार ओवरचार्जिंग की पुष्टि होने के बाद संबंधित ठेकों के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर आगे भेज दी गई है। नियमानुसार संबंधित ठेकेदारों पर आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। विभाग का कहना है कि भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई जारी रहेगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से टायर लेने निकला था पूर्व प्रधान का बेटा, पंजाब की नहर में तैरती मिली देह

अवैध शराब पर भी उठे सवाल

इधर कार्रवाई के बीच शराब कारोबारियों ने भी बड़ा मुद्दा उठाया है। उनका आरोप है कि कई क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब की बिक्री खुलेआम हो रही है, लेकिन उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। कारोबारियों का कहना है कि कई दुकानों में ठेकों से कम कीमत पर अवैध शराब बेची जा रही है, जिससे उनके कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के अफसर और कर्मियों ने किया मनरेगा में घोटाला- 55 लाख डकारे, FIR दर्ज

गुणवत्ता और सुरक्षा पर भी चिंता

शराब कारोबारियों का कहना है कि अवैध रूप से बिकने वाली शराब की गुणवत्ता की कोई जांच नहीं होती, जिससे उपभोक्ताओं की सेहत भी खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने मांग की है कि ओवरचार्जिंग के साथ-साथ अवैध शराब के कारोबार पर भी व्यापक अभियान चलाया जाए, ताकि नियमों का पालन करने वाले लाइसेंसधारी कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं दोनों के हित सुरक्षित रह सकें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें