शिमला। हिमाचल प्रदेश में त्योहारी सीजन के बीच लोगों की सेहत से किस तरह खिलवाड़ हो रहा है, इसका ताजा उदाहरण राजधानी शिमला से सामने आया है। त्योहारों पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच शहर की कुछ दुकानों में स्वच्छता के मानकों की अनदेखी सामने आई है। कहीं मिठाइयों के बीच कॉकरोच और दूसरे कीड़े पाए गए, तो कहीं खाद्य पदार्थ खुले में रखे मिले। दुकानों में गंदगी और खराब मिठाइयों की मौजूदगी ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
खाद्य विभाग की टीम ने दी दबिश
शनिवार को खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की टीम ने शिमला के मिडिल बाजार सहित शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ दुकानों में खाद्य पदार्थों को अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा हुआ पाया गया। सबसे गंभीर मामला मिडिल बाजार में एक मिठाई की दुकान में निरीक्षण के दौरान सामने आया। यहां गुलाब जामुन में कॉकरोच और अन्य कीड़े तैरते पाए गए। मिठाई में इस तरह की गंदगी देखकर विभागीय टीम ने मौके पर ही पूरा स्टॉक नष्ट करवा दिया। सहायक आयुक्त डॉ. विजया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक को कड़ी फटकार लगाई गई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा कदम: महिलाओं को 1500 रुपए-300 यूनिट फ्री बिजली योजना में जुड़ेगे कई और नाम
मिठाइयों में कॉकरोच, दुकानों में गंदगी
त्योहारी दिनों में लोग घरों और रिश्तेदारों के लिए मिठाइयां खरीदते हैं, लेकिन दुकानों में साफ-सफाई की ऐसी स्थिति चिंता बढ़ाने वाली है। निरीक्षण के दौरान कई जगह मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री खुले में रखी मिलीं। इस तरह खुले में रखे खाद्य पदार्थों पर मक्खियों, कीड़ों और दूसरे जीव-जंतुओं के गिरने से उनके दूषित होने का खतरा रहता है।
विभागीय टीम को कुछ स्थानों पर खराब मिठाइयां भी मिलीं। इन्हें मौके पर ही हटवाकर नष्ट करवाया गया। खराब फल भी दुकानों से हटाकर कूड़ेदान में फेंकवाए गए। अधिकारियों ने संबंधित कारोबारियों को स्वच्छता के नियमों का पालन करने और खाद्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से रखने की सख्त हिदायत दी।
पनीर और मिठाइयों के सैंपल पर भी सवाल
खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में मिठाइयों और पनीर के कुछ नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गई हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। विभाग की ओर से संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी कर कमियों में सुधार का अवसर भी दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने JP नड्डा को दिया जवाब... बोले- केंद्र की बंदिशों के बाद भी अपने पैरों पर खड़ा है हिमाचल
अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए दुकानों के साथ-साथ खाद्य सामग्री तैयार करने वाली इकाइयों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। त्योहारी सीजन में मिठाइयों, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण जांच अभियान को तेज किया गया है।
चमकदार मिठाइयों से रहें सावधान
खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. विजया ने लोगों से त्योहारों के दौरान मिठाइयां खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने खासकर अत्यधिक चमकदार और ज्यादा रंग वाली मिठाइयों को लेकर सतर्क रहने को कहा। उनके अनुसार, कुछ कारोबारी खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित रंगों का इस्तेमाल कर सकते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि मिठाइयां खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, ताजगी और साफ-सफाई पर ध्यान दें। खुले में रखी, असामान्य रंग वाली या खराब दिखाई देने वाली खाद्य सामग्री खरीदने से बचें।
यह भी पढ़ें : कुल्लू दशहरे से पहले हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, इन देवता को नहीं मिलेगा निमंत्रण और सुविधाएं; जानें क्यों
दिवाली तक जारी रहेगा निरीक्षण अभियान
डॉ. विजया के अनुसार, त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थ बेचने वाले प्रतिष्ठानों से लेकर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स तक की जांच की जा रही है, ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जा सके। जहां गंदगी या असुरक्षित खाद्य पदार्थ मिले, वहां मौके पर ही कार्रवाई करते हुए सामग्री नष्ट करवाई गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: नशा बेच खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य, पुलिस ने कर लिया सब जब्त; डेढ़ करोड़ से अधिक है कीमत
विभाग ने स्पष्ट किया है कि दिवाली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना तथा दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए बाध्य करना है। ऐसे में जरूरी है कि दुकानदार साफ-सफाई और गुणवत्ता को प्राथमिकता दें, ताकि त्योहार की खुशियां लोगों की सेहत पर भारी न पड़ें।
