शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में इन दिनों बयानबाज़ी का तापमान चरम पर है। मंत्री विक्रमादित्य सिंह के हालिया बयान के बाद कांग्रेस के भीतर मची सियासी हलचल ने विपक्ष को सरकार पर हमला बोलने का बड़ा मौका दे दिया है। इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कांग्रेस नेतृत्व और प्रशासनिक व्यवस्था दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया है। मंत्री विक्रमादित्य सिंह के बयान के बाद जहां कांग्रेस के अंदर राजनीतिक बवाल मचा हुआ है, वहीं विपक्ष ने इसे सरकार की नाकामी और नेतृत्व संकट से जोड़ते हुए बड़ा मुद्दा बना दिया है।

जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सुक्खू सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि मंत्रियों के बयान एक.दूसरे के खिलाफ जा रहे हैं। कोई मंत्री अधिकारियों से नाराज़ दिखता है तो कोई सार्वजनिक मंचों से यह कहता नजर आता है कि काम करवाने का तरीका आना चाहिए। इन बयानों से साफ झलकता है कि सरकार के भीतर सामंजस्य पूरी तरह खत्म हो चुका है।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू के इस मंत्री ने भी विक्रमादित्य को दिखाया आईना, कहा- अधिकारियों से चलता है प्रदेश; दी ये नसीहत

सीएम और मंत्रियों को उंगली पर नचा रहे अधिकारी

जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि मौजूदा हालात में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत मंत्रियों और विधायकों पर अधिकारियों का दबदबा है और जनप्रतिनिधि खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं। प्रदेश की स्थिति ऐसी बन चुकी है कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों को अधिकारी उंगली पर नचा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश को चुनी हुई सरकार नहीं, बल्कि नौकरशाही चला रही है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

 

यह भी पढ़ें : अपने बयान पर घिरे विक्रमादित्य को मिला शिक्षा मंत्री का सहयोग, CM सुक्खू समेत 4 मंत्रियों ने झाड़ा पल्ला

सुक्खू सरकार के अपने विधायक भी परेशान

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार आपदा प्रबंधन से लेकर कानून व्यवस्था तक हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आपदा के बाद भी सरकार ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय उत्सव मनाने जैसी गतिविधियों को तरजीह दी, जिससे जनता में गहरा आक्रोश है। जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के भीतर मंत्री और विधायक खुद असंतोष से जूझ रहे हैं, जिसका असर शासन और फैसलों पर साफ दिखाई दे रहा है।

 

यह भी पढ़ें : अपने विभाग से मतलब रखें विक्रमादित्य.. खड़गे से मिलने के बाद CM सुक्खू की PWD मंत्री को फटकार

कांग्रेस में चल रही आपसी खींचतान

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी के शीर्ष नेता जमीनी हकीकत से कटे हुए हैं और यही कारण है कि प्रदेश में सरकार दिशाहीन नजर आ रही है। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस की आंतरिक खींचतान और बयानबाज़ी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सरकार अपना संतुलन खो चुकी है। नेता प्रतिपक्ष ने भरोसा जताया कि प्रदेश की जनता इन तमाम घटनाक्रमों को देख रही है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक जवाब जरूर देगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में एक बार फिर बदलाव की बयार बह रही है और जनता कांग्रेस सरकार की नाकामियों को याद रखेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें