मंडी। हिमाचल प्रदेश की सियासत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को लेकर एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कांग्रेस के भीतर चल रही कथित खींचतान को निशाने पर लिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के मंत्री दिल्ली में केंद्र सरकार के मंत्रियों से प्रदेश के विकास और बजट के लिए मिलने नहीं जा रहे, बल्कि मुख्यमंत्री को पद से हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस हाईकमान के दरबार में पहुंच रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार बिजली बिलों से भर रही खाली खजाना! सेस-शुल्क से 2151.46 करोड़ की हुई कमाई

 

नाचन विधानसभा क्षेत्र के महादेव में आयोजित पंचायत प्रतिनिधि सम्मान समारोह में पहुंचे जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भाजपा पर सरकार गिराने की कोशिशों के आरोपों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के अपने ही मंत्री मुख्यमंत्री को हटाने में लगे होने की बात कही जा रही है, तो इसमें भाजपा की भूमिका कहां से आ गई?

अपने मंत्री ही सीएम को हटाने में लगे हैं तो भाजपा क्या करेगी

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री के उन आरोपों पर पलटवार किया, जिनमें भाजपा पर कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की कोशिश करने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के भीतर यदि राजनीतिक असंतोष है और उसके नेता एवं मंत्री ही मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, तो इसका जिम्मेदार भाजपा को ठहराना उचित नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के मंत्री दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं तो प्रदेश के विकास के लिए नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री को पद से हटाने की पैरवी के लिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान का ठीकरा भाजपा के सिर फोड़ने की कोशिश की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : श्रीनयना देवी मंदिर की रसोई में पहुंचे SDM : पुजारी ने जड़े आरोप, क्या सच में भंग हुई परंपरा...जानें

चार साल होने को आए, विकास वहीं खड़ा है

जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार के विकास कार्यों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए करीब चार साल होने को हैं, लेकिन प्रदेश में विकास की स्थिति में अपेक्षित बदलाव नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि विकास की स्थिति वहीं है, जहां भाजपा सरकार सत्ता छोड़कर गई थी। उनके अनुसार प्रदेश की जनता अब विकास को दोबारा गति देने के लिए भाजपा की सरकार बनने का इंतजार कर रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की जनता को बड़ी राहत : अब 45 नहीं 25 दिन बाद भरवा सकेंगे दूसरा गैस सिलेंडर

सरकार के भीतर की राजनीति पर भाजपा का निशाना

जयराम ठाकुर के इस बयान को हिमाचल की सियासत में कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों पर भाजपा के बड़े राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है। विपक्ष लगातार कांग्रेस सरकार के भीतर कथित असंतोष और नेतृत्व को लेकर उठने वाली चर्चाओं को मुद्दा बनाता रहा है। अब जयराम ठाकुर ने सीधे कांग्रेस हाईकमान और मुख्यमंत्री पद का मुद्दा उठाकर सुक्खू सरकार को घेरने की कोशिश की है। उनका बयान ऐसे समय आया है जब मुख्यमंत्री भाजपा पर लगातार सरकार को अस्थिर करने के प्रयासों के आरोप लगाते रहे हैं।

यह भी पढ़ें- मणिमहेश यात्रा करने निकले दो दोस्त : देर रात गहरी खाई समाई में बाइक, दोनों की मौ**त

भाजपा को सरकार गिराने की जरूरत ही नहीं

जयराम ठाकुर के बयान का राजनीतिक संदेश साफ है—यदि कांग्रेस के भीतर ही नेतृत्व को लेकर असंतोष है तो भाजपा को सरकार गिराने के लिए अलग से किसी प्रयास की जरूरत नहीं। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान से ध्यान हटाने के लिए भाजपा को निशाना बनाया जा रहा है।

विकास के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा

पंचायत प्रतिनिधि सम्मान समारोह में जयराम ठाकुर ने स्थानीय विकास और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार के कामकाज को लेकर सवाल पूछ रही है और प्रदेश में विकास की रफ्तार तेज करने की जरूरत है। इस दौरान विधायक विनोद कुमार, भाजपा प्रवक्ता अजय राणा और जिला महामंत्री सोहन सिंह ठाकुर सहित भाजपा के अन्य नेता भी मौजूद रहे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें