शिमला। हिमाचल में पहली जून को आखिरी चरण का मतदान होगा। जिसमें चार लोकसभा और छह विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। इन चुनावों के लिए सियासी दंगल शुरू हो चुका है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर कई बार कह चुके हैं कि 4 जून को हिमाचल में भी सत्ता परिवर्तन होगा। वहीं अब केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी इस बात को दोहराया है कि 4 जून को केंद्र में मोदी सरकार बनने के साथ ही हिमाचल में भी डबल इंजन की सरकार बनेगी। यानी हिमाचल में भाजपा की सरकार बनेगी।

कांग्रेस से परेशान हैं उसके अपने विधायक

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस जाति, धर्म, क्षेत्र और भाषा के नाम पर वोट मांगती है। जबकि भाजपा विकास, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के ऊपर वोट मांगती है। कांग्रेस की संस्कृति तोड़ने की है, जबकि हमारी संस्कृति जोड़ने की है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार से जनता ही नहीं बल्कि उनके अपने विधायक भी परेशान हो चुके हैं, जिसके चलते ही कई विधायकों को पार्टी छोड़नी पड़ी।

4 जून को केंद्र में मोदी तो हिमाचल में बनेगी भाजपा सरकार

अनुराग ठाकुर ने कहा कि समय आ गया है कि जब एक तरफ 4 जून को देश में पूर्ण बहुमत की मोदी सरकार बनेगी। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा सरकार बनेगी और हमारा प्रदेश डबल इंजन की रफ्तार से विकास करेगा। वहीं दूसरी तरफ चंबा के डलहौजी पहुंचे जयराम ठाकुर ने भी कांग्रेस सरकार पर जमकर प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार चंद दिनों की मेहमान है।

जयराम ठाकुर बोले चंद दिनों की मेहमान है कांग्रेस सरकार

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से परेशान हो चुकी है। कांग्रेस के कई विधायक बीजेपी ज्वाइन कर चुके हैं और कुछ अन्य भी जल्द ही ज्वाइन करेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार अब चंद दिनों की मेहमान है। यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस में बचे हैं और बागी: टूटकर होंगे बीजेपी में शामिल- बड़ा दावा भाजपा हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। साथ ही जो हिमाचल में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा के 6 सीटों पर उपचुनाव होंगे। उसमें भी भाजपा ही जीत दर्ज करके लोक विरोधी पार्टी कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का काम करेगी।

सरकार बचाने के प्रयास में जुटे सीएम सुक्खू

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के राज में कानून व्यवस्था की स्थिति नाजुक बन गई है। दिन दिहाड़े युवती पर दराट से हमला होता है। प्रदेश में हुई इस घटना से देवभूमि भी शर्मसार हुई हैं।
यह भी पढ़ें: मानसिक संतुलन खो चुके हैं सीएम: ऐसा क्या हुआ जो इतना भड़क उठे सुधीर शर्मा, जानें
कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए प्रदेश सरकार का कोई ध्यान नहीं है। सीएम सुक्खू सिर्फ अपनी सरकार बचाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। सरकार बचाने के लिए सीएम सुक्खू ने पूरा सरकारी तंत्र झोंक दिया है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें