शिमला। हिमाचल प्रदेश में बजट सत्र के चलते सियासी माहौल लगातार गर्म बना हुआ है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा 21 मार्च को पेश किए गए बजट के बाद अब विधानसभा की कार्यवाही नए चरण में प्रवेश कर चुकी है। रविवार की छुट्टी के बाद आज सोमवार से सदन फिर सक्रिय होगा, जहां विपक्ष सरकार को घेरने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।

ट्रांसफर पॉलिसी के मुद्दे से होगी सत्र की शुरुआत

दरअसल, आज के प्रश्नकाल में कुल 61 सवाल सूचीबद्ध हैं, जिनमें 50 तारांकित प्रश्न शामिल हैं। इन पर संबंधित मंत्रियों को सदन में मौखिक जवाब देना होगा, जिससे कई अहम मुद्दों पर सीधी बहस देखने को मिल सकती है। वहीं 11 अतारांकित प्रश्नों के उत्तर लिखित रूप में प्रस्तुत किए जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें : बजट सत्र के बीच CM सुक्खू ने बुलाई कैबिनेट बैठक- स्कूल बंद करने और भर्तियों पर होगा बड़ा फैसला

 

सत्र की शुरुआत ट्रांसफर पॉलिसी जैसे संवेदनशील मुद्दे से होगी, जिस पर लंबे समय से चर्चा चल रही है। इसके अलावा नेताओं, अधिकारियों और मंत्रियों के विदेशी दौरों पर खर्च को लेकर भी सवाल उठाए जाने की संभावना है।

तीन दिनों तक जारी रहेगी यह बहस

प्रश्नकाल के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू सप्ताह भर की सरकारी कार्यसूची पर वक्तव्य देंगे, जिससे आगामी दिनों की विधायी दिशा स्पष्ट होगी। इसके साथ ही विभिन्न समितियों की रिपोर्ट और जरूरी दस्तावेज भी सदन में रखे जाएंगे। इसी दौरान बजट पर विस्तृत चर्चा की शुरुआत भी होगी। विधानसभा में यह बहस तीन दिनों तक जारी रहेगी, जिसमें 23 से 25 मार्च तक लगातार बजट पर चर्चा होगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING: मामूली सी बहस पर रिटायर फौजी को आया गुस्सा- अपने ही पोते को मारी गो*ली

 

इसके बाद 27 और 28 मार्च को अनुदानों की मांगों और कट मोशन पर विचार-विमर्श होगा। अंततः 30 मार्च को बजट को पारित किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं 31 मार्च को प्राइवेट मेंबर डे रखा गया है, जबकि 1 और 2 अप्रैल को अन्य विधायी कार्य निपटाए जाएंगे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें