शिमला। हिमाचल की सियासत से लेकर प्रदेश के लंबित मामलों तक, सोमवार को दिल्ली अचानक अहम हो गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली पहुंच चुके हैं और मंगलवार यानी आज उनका दिन कई महत्वपूर्ण बैठकों में गुजरने वाला है। इन मुलाकातों को प्रदेश के विकास और केंद्र से जुड़े मामलों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
तीन केंद्रीय मंत्रियों से होगी मुलाकात
CM सुक्खू मंगलवार को तीन केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। बैठकों के दौरान हिमाचल प्रदेश से जुड़े कई लंबित मामलों को केंद्र के सामने रखने की तैयारी है।
बताया जा रहा है कि प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों के साथ-साथ वित्तीय हितों और केंद्र से लंबित मामलों पर भी चर्चा हो सकती है। ऐसे में CM सुक्खू का यह दिल्ली दौरा हिमाचल के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के लिए आज बड़ा दिन- पूरी तरह साक्षर हुआ प्रदेश, दिल्ली में शिक्षा मंत्री लेंगे सम्मान
दिल्ली जाने से पहले शिमला में की अहम बैठकें
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने सोमवार सुबह शिमला में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। इसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ भी बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने दोनों विभागों के कामकाज और लंबित मामलों की जानकारी ली। इन बैठकों के बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हुए।
दिल्ली दौरे का सियासी कनेक्शन भी अहम
मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को सिर्फ सरकारी बैठकों तक सीमित नहीं माना जा रहा है। राजनीतिक तौर पर भी इस दौरे को लेकर चर्चाएं तेज हैं। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से भी मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि, पार्टी नेतृत्व के साथ बैठक को लेकर अभी कोई आधिकारिक कार्यक्रम सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : 36 घंटे से पांच वर्षीय आर्या लापता, खोज में जुटी NDRF और पुलिस टीम- हाथ खाली
चौधरी चंद्र कुमार भी दिल्ली पहुंचे
इसी बीच कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के भी दिल्ली पहुंचने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें दिल्ली बुलाया है। उनके अचानक दिल्ली पहुंचने के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
रोहित ठाकुर भी दिल्ली में मौजूद
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी इस समय दिल्ली में हैं। मंगलवार को वह केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। ऐसे में एक ही समय पर CM सुक्खू, कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की दिल्ली में मौजूदगी को राजनीतिक और प्रशासनिक, दोनों नजरिए से अहम माना जा रहा है। अब नजर मंगलवार की बैठकों पर रहेगी कि मुख्यमंत्री केंद्र के सामने हिमाचल से जुड़े किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं और इन मुलाकातों से प्रदेश के लिए क्या नतीजे सामने आते हैं।
