#विविध
September 8, 2026
हिमाचल : 36 घंटे से पांच वर्षीय आर्या लापता, खोज में जुटी NDRF और पुलिस टीम- हाथ खाली
पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में रविवार से सनसनी फैली हुई है। उपमंडल लाना-चेता के गांव घेवना से लापता हुई 5 वर्षीय मासूम आर्या का 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
बच्ची के अचानक लापता होने से जहां परिवार गहरे सदमे और चिंता में है, वहीं पूरे गांव में भी बेचैनी का माहौल बना हुआ है। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण लगातार बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं। अब आज NDRF की टीम भी मौके पर पहुंचकर बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, आर्या रविवार शाम करीब 4 बजे के बाद से लापता है। बच्ची के अचानक दिखाई न देने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन करने के बावजूद जब बच्ची का कोई पता नहीं चला तो मामले की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीमें गांव पहुंचीं और बच्ची की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया। पंचायत प्रधान सुनील ठाकुर ने बताया कि बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था।
गांव के लोगों को भी तलाश अभियान में शामिल किया गया है। स्थानीय ग्रामीण लगातार पुलिस और प्रशासन की टीमों के साथ मिलकर आसपास के जंगलों, रास्तों और अन्य संभावित स्थानों पर बच्ची की तलाश कर रहे हैं।
आर्या के घर के समीप मौजूद खड्ड ने प्रशासन और परिजनों की चिंता को और बढ़ा दिया है। बरसात के मौसम में इस खड्ड में पानी का बहाव काफी तेज रहता है। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं बच्ची खेलते या चलते समय खड्ड के पास पहुंच गई हो और तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गई हो।
ऐसे में पुलिस और प्रशासन की टीमें खड्ड के भीतर और उसके आसपास के इलाकों में विशेष रूप से सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। सर्च ऑपरेशन के दौरान खड्ड के किनारों के साथ-साथ नीचे की ओर जाने वाले संभावित क्षेत्रों को भी खंगाला जा रहा है।
ग्रामीणों की मदद से उन स्थानों की भी जांच की जा रही है, जहां बच्ची के पहुंचने की संभावना हो सकती है। हालांकि, लगातार प्रयासों के बावजूद करीब 36 घंटे बाद भी आर्या का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मासूम के लापता होने के बाद परिजनों की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। परिवार के सदस्य लगातार बच्ची के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। गांव के लोग भी इस घटना से व्यथित हैं और अपनी ओर से हर संभव मदद कर रहे हैं। बच्ची की तलाश के लिए ग्रामीणों की अलग-अलग टोलियां बनाकर संभावित स्थानों पर भेजी जा रही हैं।
तहसीलदार विनोद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए NDRF की टीम को भी सर्च ऑपरेशन के लिए बुलाया गया है। टीम आज मौके पर पहुंचकर आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञों की मदद से तलाशी अभियान को आगे बढ़ा रही है।
प्रशासन को उम्मीद है कि NDRF के शामिल होने के बाद तलाशी अभियान को और व्यापक बनाया जा सकेगा। विशेषकर खड्ड और उसके आसपास के दुर्गम इलाकों में विशेषज्ञ टीम की मदद से गहन जांच की जाएगी। पुलिस भी मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए बच्ची की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को 5 वर्षीय आर्या के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है या उसे बच्ची कहीं दिखाई देती है तो तुरंत पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें। समय पर मिलने वाली छोटी से छोटी जानकारी भी बच्ची तक पहुंचने में अहम साबित हो सकती है।
फिलहाल गांव घेवना और आसपास के क्षेत्रों में आर्या की तलाश लगातार जारी है। परिवार की निगाहें पुलिस, प्रशासन और NDRF के सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं। हर कोई यही उम्मीद कर रहा है कि मासूम आर्या जल्द से जल्द सुरक्षित अपने परिवार के पास लौट आए।