शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव से पहले पंचायतों के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। राज्य सरकार ने प्रदेश में कुल 3773 ग्राम पंचायतों को अंतिम रूप से अधिसूचित कर दिया है। इसके साथ ही पंचायती राज विभाग ने 64 नई पंचायतों को भी आधिकारिक रूप से अधिसूचित किया है।

31 मई से पहले करवाने हैं चुनाव

दरअसल, इस बार होने वाले पंचायत चुनावों में प्रदेशभर की 3773 पंचायतों में प्रधान और उपप्रधान के पदों के लिए मतदान होगा। इसके अलावा त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के तहत पंचायत स्तर के साथ-साथ 91 पंचायत समितियों और 12 जिला परिषदों के प्रतिनिधियों के चुनाव भी कराए जाएंगे। चुनावी प्रक्रिया को 31 मई से पहले पूरा किया जाना प्रस्तावित है।

 

यह भी पढ़ें : स्मार्ट मीटर के बाद अब सुक्खू सरकार बढ़ाएगी बिजली बिल! महंगी दरों का नया प्रारूप तैयार

 

पंचायती राज विभाग ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे 25 मार्च तक वार्डों के परिसीमन की प्रक्रिया पूरी कर लें। वहीं, सर्वोच्च न्यायालय ने भी सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग को 30 मार्च से पहले आरक्षण रोस्टर जारी करने और चुनाव से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

आसानी से मिलेगा लोगों को लाभ

पिछले पंचायत चुनावों के समय प्रदेश में कुल 3615 पंचायतें थीं। इसके बाद प्रदेश में कई नए नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों का गठन किया गया, जिसके चलते 46 पंचायतों का शहरी निकायों में विलय हो गया।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का गजब कमाल : बिना नल कनेक्शन लगाए थमा दिया 8321 रुपये बिल- उठा बवाल

 

इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती जनसंख्या और प्रशासनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए पांच चरणों में 200 नई पंचायतों का गठन किया गया है। विभाग के अनुसार नई पंचायतों के गठन से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पंचायत स्तर पर आसानी से मिल सकेगा।

3773 हो गई पंचायतों की संख्या

नई पंचायतों का गठन पांच चरणों में किया गया है, जिनमें पहले चरण में 4, दूसरे में 4, तीसरे में 39, चौथे में 89 और पांचवें चरण में 64 पंचायतें शामिल हैं। इस तरह कुल 200 नई पंचायतें बनाई गई हैं, जिससे प्रदेश की कुल पंचायतों की संख्या अब बढ़कर 3773 हो गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें