कांगड़ा। हिमाचल पुलिस के एक एएसआई को हरियाणा के पर्यटकों से नई कार की मिठाई मांगना भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक शर्मनाक वीडियो का कड़ा संज्ञान लेते हुए एसपी देहरा संदीप धवल ने आरोपी एएसआई को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है और मामले की निष्पक्ष विभागीय जांच के सख्त आदेश दिए हैं। पर्यटकों से 'मीठे' की आड़ में वसूली की मंशा रखने वाले पुलिसकर्मी की इस हरकत से देवभूमि पुलिस की साख पर गहरा धक्का लगा है।

डैशकैम में कैद हुई खाकी की 'मिठाई मांगती' करतूत

पूरा मामला पुलिस जिला देहरा के अंतर्गत आते मोइन पुलिस थाने का है। हरियाणा से कुछ सैलानी अपनी नई गाड़ी में कांगड़ा घूमने आए थे। रास्ते में जब ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एएसआई ने उनकी गाड़ी रोकी, तो कागजात जांचने के बजाय एएसआई की नजर नई चमचमाती कार पर टिक गई।

 

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू ने फिर पकड़ी दिल्ली की राह... इस बार हिमाचल की आर्थिक स्थिति होगी अहम मुद्दा; जानें डिटेल

 

गाड़ी में लगे डैशकैम (Dashcam) में रिकॉर्ड हुए करीब तीन मिनट के वीडियो में एएसआई साफ तौर पर पंजाबी में पर्यटकों से बातचीत करता दिख रहा है। जब कार सवार युवक अंकित ने बताया कि गाड़ी उन्होंने छह-सात महीने पहले खरीदी है, तो एएसआई ने मुबारकबाद देते हुए कहा— "मुंह मीठा करवाओ।"

चालान करने पर शराब की बोतल का ऑफर

वायरल वीडियो में बातचीत के दौरान एएसआई की ओर से छोटे चालान की बात किए जाने का भी जिक्र सामने आता है। इसके बाद कार में बैठे युवक अपने बारे में जानकारी देते हैं और बातचीत आगे बढ़ती रहती है। युवकों की ओर से कार में बची हुई एक बोतल देने की बात भी कही जाती है। इस पर एएसआई की ओर से उसके बारे में पूछा जाता है। हालांकि, युवकों द्वारा बोतल पूरी न होने की बात कहने के बाद बातचीत आगे नहीं बढ़ती और अंत में उन्हें जाने के लिए कहा जाता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस कर्मचारी के व्यवहार और बातचीत में की गई कथित मांग को लेकर सवाल उठने लगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में मौसम का कहर: बर्फबारी के बाद टूटा ग्लेशियर, मची अफरा-तफरी

वीडियो वायरल हुआ तो हरकत में आया पुलिस विभाग

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा। इसके बाद पुलिस जिला देहरा के एसपी संदीप धंवाल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित एएसआई को पुलिस लाइन भेज दिया। एसपी की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वीडियो में कर्मचारी का व्यवहार प्रथम दृष्टया अनुचित और मर्यादित न होने के साथ-साथ अनुचित मांग किए जाने का आभास देता है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के लाल ने रचा इतिहास : 20 चोटियों पर फहराया तिरंगा, रक्षा मंत्री से मिला बड़ा सम्मान

विभागीय जांच के आदेश

मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसडीपीओ डाडासिबा को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान वीडियो में सामने आए तथ्यों और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जाएगी। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान प्रत्येक पुलिस कर्मचारी से आम जनता के साथ शालीन, मर्यादित और सम्मानजनक व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। पुलिस विभाग ने अनुशासनहीनता और ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार के अनुचित आचरण को गंभीरता से लेने की बात कही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में आज खुलेंगे BANK या नहीं ? जानें हड़ताल से जुड़ा पूरा अपडेट

जांच में पुष्टि हुई तो होगी कड़ी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, फिलहाल वीडियो में सामने आए घटनाक्रम के आधार पर एएसआई को लाइन हाजिर किया गया है। विभागीय जांच के दौरान यदि वीडियो में सामने आए तथ्यों की पुष्टि होती है तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। यानी वायरल वीडियो ने न केवल संबंधित पुलिस कर्मचारी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, बल्कि अब पूरे मामले की जांच के बाद विभागीय कार्रवाई की दिशा भी तय होगी।

पर्यटकों से व्यवहार को लेकर उठे सवाल

हिमाचल प्रदेश में देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने आते हैं। ऐसे में पुलिस और पर्यटकों के बीच होने वाला व्यवहार प्रदेश की छवि से भी जुड़ा रहता है। इस मामले में सामने आए वीडियो ने ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मचारियों के आचरण को लेकर चर्चा छेड़ दी है।

यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार बदल रही Himcare...अब इलाज के लिए मिलेगा 10 लाख तक का हेल्थ कवर

फिलहाल विभाग ने कार्रवाई करते हुए एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया है और जांच की जिम्मेदारी एसडीपीओ डाडासिबा को सौंपी गई है। अब जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि वीडियो में सामने आई बातचीत और कथित मांग के संबंध में आगे क्या विभागीय कार्रवाई होती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें