शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस समय मौसम तेजी से करवट ले रहा है। एक ओर दिन में चटक धूप और झुलसाने वाली गर्मी ने लोगों को बेहाल किया, तो वहीं दूसरी ओर दोपहर बाद कई क्षेत्रों में आसमान काले बादलों से ढक गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार के लिए प्रदेश के आठ जिलों में तूफान और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी
शुक्रवार को रिकांगपिओ में 50, ताबो में 44 और बजौरा में 37 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इस बीच कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। शनिवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए तूफान और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है। अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 27 से 29 मई के बीच पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव और अधिक बढ़ेगा, जिससे अगले कुछ दिनों में प्रदेशभर में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शहीद का शौर्य चक्र हाथ में पकड़ते ही फूट-फूट कर रोई मां और पत्नी, राष्ट्रपति ने दिया सहारा
तापमान में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
बीते 24 घंटों में कई जिलों के तापमान में जबरदस्त उछाल आया है। ऊना में अधिकतम तापमान 3.4 डिग्री बढ़कर 38.8 डिग्री, हमीरपुर में 2 डिग्री की वृद्धि के साथ 38.6 डिग्री और नैरी में 1.3 डिग्री उछाल के साथ 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के आठ शहरों में पारा 35 डिग्री को पार कर गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शहीद दिलावर खान को कीर्ति चक्र, भावुक हो गईं मां- 2 आतं*कियों को किया था ढेर
पहाड़ों की ओर भाग रहे सैलानी
मैदानी इलाकों में पड़ रही तपती गर्मी के कारण पर्यटकों का रुख शिमला, कुफरी, नालदेहरा और चायल जैसे ठंडे स्थानों की ओर बढ़ गया है। इस सप्ताहांत पर शिमला में पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी है। होटल कारोबारियों के अनुसार, इस समय शहर में होटल ऑक्यूपेंसी 65% तक पहुंच चुकी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शहीद को पैसे देकर मां ने किया विदा, कहा- मेरा बेटा तो सुंदर था; काला क्यों पड़ गया
अगले तीन दिन सावधान रहें
मौसम विभाग के अनुसार, 29 मई तक प्रदेशभर में मौसम बिगड़ सकता है। विशेषकर 27 से 29 मई के बीच वेस्टर्न डिस्टरबेंस ज्यादा एक्टिव रहेगा। इस दौरान किसानों, यात्रियों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
