सिरमौर। लोग भरोसेमंद कंपनी की गाड़ी खरीदते हैं और अपनी पसंद की कार लेने का सपना देखते हैं। लेकिन जब ऐसी भरोसेमंद कंपनी की गाड़ी ढाई-तीन महीने के भीतर बार-बार खराब होने लगे, तो यह सीधे ग्राहक के साथ धोखे जैसा होता है। ऐसा ही मामला हिमाचल प्रदेश के जिले सिरमौर में सामने आया, जहां एक युवक ने हाल ही में कार खरीदी थी, जो कुछ ही महीनों में लगातार तकनीकी खराबियों का सामना करने लगी।
पार्किंग के दौरान पहली बार स्टार्ट नहीं हुई गाड़ी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिरमौर जिले के रहने वाले एक युवक के लिए ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स की कार का सपना उस समय परेशानीयों में बदल गया, जब 22 नवंबर 2025 को नाहन में पार्किंग के दौरान गाड़ी पहली बार स्टार्ट नहीं हुई। ग्राहक ने काफी कोशिश की और पार्किंग वाले की मदद से गाड़ी स्टार्ट हुई, लेकिन कुछ ही दूरी पर लाडू पेट्रोल पंप के पास गाड़ी फिर से बंद हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में घर के बाहर खड़ी गाड़ी का आंध्र प्रदेश में कटा TOLL, वो भी चार बार- मालिक के उड़े होश
सर्विस के बाद भी गाड़ी बार-बार बंद
इस बार ग्राहक ने रोड साइड असिस्टेंस (RSA) बुलाई। टेक्नीशियन ने गाड़ी स्टार्ट की, लेकिन टेस्ट ड्राइव के दौरान ही गाड़ी फिर से बंद हो गई, और यह वहीं ह्यूमैनिटी कैफे के पास हुआ। इसके बाद गाड़ी को 23 नवंबर को सर्विस सेंटर भेजा गया। तीन दिन बाद, यानी 26 नवंबर को गाड़ी वापिस मिली और बताया गया कि फ्यूल पंप की समस्या ठीक कर दी गई है।
कंपनी के दावे फेल, गाड़ी फिर से स्टार्ट नहीं हुई
लेकिन कंपनी के दावे ज्यादा दिन तक टिक नहीं सके। 19 दिसंबर को किशनपुरा में मैनकाइंड कंपनी के बाहर गाड़ी फिर से स्टार्ट नहीं हुई। इसके कुछ दिन बाद, 30 दिसंबर की सुबह भी गाड़ी स्टार्ट होने में काफी दिक्कत देने लगी। ग्राहक ने इस पर व्हाट्सएप के जरिए कंपनी के मैनेजर और जीएम को शिकायत की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बर्फबारी के बीच बाइक पर चिट्टा सप्लाई करने निकले 2 यार : पुलिस से हुआ सामना- पहुंचे जेल
चलती गाड़ी बीच सड़क पर बंद, बड़ा हादसा टला
उस समय अस्थाई बैटरी लगाई गई और आश्वासन दिया गया कि शुक्रवार तक नई बैटरी लगा दी जाएगी। लेकिन परेशानियों का सिलसिला यहीं खत्म नहीं हुआ। 2 जनवरी 2026 को धौलाकुआं के पास गाड़ी चलते-चलते अचानक बीच सड़क पर ही बंद हो गई। इससे बड़ा हादसा भी हो सकता था। मौके पर पहुंचे टाटा के टेक्नीशियन ने बताया कि गाड़ी में फ्यूल सप्लाई नहीं हो रही।
ग्राहक ने कंज्यूमर फोरम में दर्ज करवाई शिकायत
ग्राहक बार-बार हो रही इन खराबियों और कंपनी की सर्विस मैनेजमेंट से बेहद नाराज हैं। उन्होंने कंपनी से कई बार बात की, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी रही। आखिरकार उन्होंने कंज्यूमर फोरम में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कोर्ट की बड़ी टिप्पणी: शादी का वादा कर संबंध बनाना आपसी सहमति, नहीं माना जाएगा रे.प
किया जाएगा न्याय या रहेगा इंतजार?
अब सवाल यह है कि कंपनी इस गंभीर तकनीकी समस्या का स्थायी हल निकाल पाएगी या ग्राहक को न्याय पाने के लिए कानूनी रास्ता अपनाना पड़ेगा। ग्राहक की परेशानी यह दिखाती है कि भरोसेमंद कंपनी की कार खरीदना भी कभी-कभी मुश्किलों से खाली नहीं होता और ग्राहकों को अपनी मेहनत की कमाई का पूरा हक मिलना चाहिए।
