शिमला। हिमाचल प्रदेश के रामपुर के सराहन वन परिक्षेत्र के थड़ा गांव में एक व्यक्ति पर भालू ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि व्यक्ति अपने सेब के बगीचे में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक भालू वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। जिसके बाद चीख-पुकार मच गई।
अचानक हुए हमले से संभलने का नहीं मिला मौका
जानकारी के अनुसार, बीते कल गुरुवार शाम सुभाष चंद्र पुत्र दौलत राम अपने सेब के बगीचे में देखरेख का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमला इतनी अचानक हुआ कि सुभाष चंद्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- रात के अंधेरे में चरस लेकर जा रहा था टेक चंद, साथी संग पुलिस ने किया अरेस्ट
सराहन अस्पताल से रामपुर किया रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल सुभाष चंद्र को तुरंत सराहन अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रामपुर अस्पताल रेफर कर दिया।
भालू के हमले से गांव में डर का माहौल
इस घटना के बाद थड़ा गांव और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच डर का माहौल है। इन दिनों सेब का सीजन चल रहा है और ग्रामीण रोजाना अपने बगीचों में काम करने के लिए जा रहे हैं। ऐसे में जंगली जानवरों की मौजूदगी को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें- अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, बेटे के सामने पिता ने तोड़ दम
वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जाए और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम जल्द उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
