शिमला। हिमाचल पुलिस में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस ऑर्केस्ट्रा बैंड ‘हारमनी ऑफ द पाइंस’ के प्रमुख रहे सब इंस्पेक्टर विजय कुमार पर कार्रवाई के बाद अब इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। बैंड से जुड़ी दो महिला कांस्टेबलों CID के एक SP पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

महिलाओं ने मानसिक उत्पीड़न, मानहानि, आपराधिक धमकी और गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए महिला पुलिस थाने में शिकायत दी है। जिसके बाद एक बार फिर हिमाचल पुलिस का यह चर्चित मामला सुर्खियों में आ गया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में प्रचंड रूप दिखाएगा मानसून- अगले 5 दिन नहीं थमेगी बारिश, हाई अलर्ट पर कई जिले

महिला पुलिसकर्मियों ने लगाए गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, पुलिस ऑर्केस्ट्रा बैंड ‘हारमनी ऑफ द पाइंस’ की सदस्य और गायिका महिला कांस्टेबल दीपिका ठाकुर तथा कृतिका तंवर ने शिमला के महिला पुलिस थाने में शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में उन्होंने CID के एक SP पर कार्यस्थल पर लगातार मानसिक प्रताड़ना, मानहानि, आपराधिक धमकी, आपराधिक षड्यंत्र और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप लगाए हैं।

 

दोनों पुलिसकर्मियों का आरोप है कि लगातार ऐसे हालात बनाए गए, जिससे वे मानसिक दबाव और असुरक्षा की स्थिति में काम करने को मजबूर हुईं। उनका कहना है कि इससे उनके सम्मान और कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल का अधिकार प्रभावित हुआ है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने तोड़ा अंतर्राज्यीय नशा नेटवर्क, अमृतसर से दबोचा मुख्य सप्लायर; पि***स्टल भी मिली

विजय कुमार के निलंबन के बाद बढ़ा विवाद

शिकायत के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम उस समय शुरू हुआ जब पुलिस ऑर्केस्ट्रा बैंड के तत्कालीन प्रमुख सब इंस्पेक्टर विजय कुमार को निलंबित किया गया। महिला कांस्टेबलों का आरोप है कि इसके बाद बैंड के सदस्यों को बार-बार निर्देश दिए गए कि कोई भी विजय कुमार से संपर्क न रखे।

 

शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन्हें यह बताया गया कि उनके मोबाइल फोन की निगरानी की जा सकती है, उनकी लोकेशन ट्रैक की जा सकती है और बातचीत भी सुनी जा सकती है। इससे उनके भीतर भय का माहौल पैदा हुआ और उन्हें अपनी निजता को लेकर भी चिंता होने लगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: माता-पिता को बेसहारा छोड़ गया 24 साल का बेटा, नशे की ओवरडोज मानी जा रही वजह

सेवा रिकॉर्ड का भी किया जिक्र

दोनों शिकायतकर्ताओं ने अपने आवेदन में कहा है कि उनका सेवा रिकॉर्ड पूरी तरह निष्कलंक रहा है। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय आयोजनों में हिमाचल पुलिस का प्रतिनिधित्व किया है। इनमें 'हुनरबाज़-देश की शान', गोवा अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव सहित कई सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं।

 

हाल ही में उन्होंने राज्य सरकार के नशा विरोधी जनजागरूकता अभियान में भी प्रस्तुति दी थी। दोनों महिला पुलिसकर्मियों ने अपनी शिकायत की प्रतिलिपि राष्ट्रीय महिला आयोग और हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग को भी भेजी है।

यह भी पढ़ें : आय से अधिक संपत्ति मामले में बीजेपी MLA सुधीर शर्मा पर FIR, एक व्यक्ति और 300 भूमि रजिस्ट्रियां.... 

पहले क्यों हुआ था विजय कुमार का निलंबन

गौरतलब है कि कुछ समय पहले पुलिस ऑर्केस्ट्रा बैंड ‘हारमनी ऑफ द पाइंस’ के प्रमुख रहे सब इंस्पेक्टर विजय कुमार को निलंबित कर दिया गया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से प्राप्त लगभग छह हजार रुपये की आय की विभाग को समय पर जानकारी नहीं दी।

खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा

हालांकि, विजय कुमार ने इन आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया है कि संबंधित राशि विभाग के पास जमा कराई जा चुकी थी। उन्होंने अपने निलंबन को चुनौती देते हुए हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: ससुराल वालों के तानों से टूट गई विवाहिता, दो मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया 

जांच और कार्रवाई पर रहेगी नजर

अब महिला कांस्टेबलों की शिकायत सामने आने के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है। अगर शिकायत पर FIR दर्ज होती है या विभागीय जांच शुरू होती है तो पूरे प्रकरण में नए तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से शिकायत के आधार पर नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें