मंडी। हिमाचल प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को मंडी जिले के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कंसा चौक में आयोजित जनसभा के दौरान कर्मचारियों को बड़ी सौगात देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को दिवाली से पहले महंगाई भत्ते (DA) की किस्त जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद प्रदेश के कर्मचारियों और उनके परिवारों में खुशी की लहर है। लंबे समय से महंगाई भत्ते की किस्त का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए त्योहार से ठीक पहले सरकार की यह घोषणा आर्थिक राहत के तौर पर देखी जा रही है।
दिवाली से पहले कर्मचारियों को मिलेगा DA
बल्ह के कंसा चौक में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कुछ कर्मचारी डीए की मांग कर रहे हैं और सरकार उनकी मांगों को लेकर संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था अब धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही है और सरकार कर्मचारियों की देनदारियों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि त्योहार के समय कर्मचारियों को राहत दी जाएगी और दिवाली से पहले डीए की किस्त का भुगतान किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: किशोरी को जबरन जंगल में ले जाकर दो युवकों ने किया मुंह काला, अब जेल में कटेंगे 20 साल
सुक्खू के ऐलान से कर्मचारियों में खुशी
डीए को लेकर मुख्यमंत्री की घोषणा ऐसे समय हुई है जब कर्मचारियों की लंबित देनदारियां और महंगाई भत्ते का भुगतान प्रदेश में लगातार चर्चा का विषय रहा है। मुख्यमंत्री के ऐलान के बाद कर्मचारियों को अब दिवाली से पहले आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है। सरकार का कहना है कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति में सुधार के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और अतिरिक्त राजस्व जुटाने के प्रयासों से सरकार को कर्मचारियों और पेंशनरों की देनदारियां चुकाने में मदद मिली है।
यह भी पढ़े : डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री के विभाग का JE और महिला वकील चिट्टे के साथ धरे, जा सकती है नौकरी
मुख्यमंत्री बोले- अर्थव्यवस्था में हो रहा सुधार
सुक्खू ने कहा कि सरकार हिमाचल को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उनका कहना था कि वित्तीय स्थिति में सुधार धीरे-धीरे दिखाई दे रहा है और इसी के चलते कर्मचारियों से जुड़े मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक सरकार ने अतिरिक्त राजस्व जुटाने और आर्थिक संसाधनों को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए हैं।
बल्ह को विकास कार्यों की भी सौगात
डीए के ऐलान के साथ मुख्यमंत्री ने बल्ह विधानसभा क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं। उन्होंने गुरुकोठा में सीबीएसई स्कूल खोलने की घोषणा की। इसके अलावा जल शक्ति विभाग और बिजली विभाग के मंडल कार्यालय तथा डीएसपी कार्यालय स्थापित करने का भी ऐलान किया गया। क्षेत्र की सड़कों के सुधार के लिए मुख्यमंत्री ने तीन करोड़ रुपये की राशि तत्काल स्वीकृत करने की घोषणा की।
हिमाचल: शराब ने उजाड़ा परिवार... मां से गाली-गलौज कर रहे पिता की 20 वर्षीय बेटे ने कर दी ह**त्या
‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ में भी बदलाव
मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। सरकार ने इस योजना के तहत पात्रता से जुड़ी मनरेगा में एक दिन की दिहाड़ी वाली शर्त हटाने का ऐलान किया है। इसके अलावा जिन परिवारों की वार्षिक आय 75 हजार रुपये तक होगी और जिनके परिवार में 21 वर्ष से कम उम्र की एक से अधिक बेटियां होंगी, उन्हें भविष्य में हर महीने 1500 रुपये देने की घोषणा की गई है।
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने मंडी प्रवास के दौरान नेरचौक स्थित लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल में नई स्वास्थ्य सुविधाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान 3-टेस्ला एमआरआई मशीन और टर्शियरी केयर कैंसर सेंटर का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज में PET-CT स्कैन मशीन के लिए अधोसंरचना विकास कार्य का शिलान्यास भी किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के फौजी बेटे सावन बरवाल ने एशियन गेम्स में रचा इतिहास, 44 साल बाद भारत को दिलाया पदक
कर्मचारियों के लिए त्योहार से पहले राहत
मुख्यमंत्री के इस ऐलान का सबसे बड़ा असर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों पर देखने को मिल रहा है। दिवाली से पहले डीए की किस्त मिलने की घोषणा ने कर्मचारियों को आर्थिक राहत की उम्मीद दी है। अब कर्मचारियों की नजर सरकार की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक आदेश और भुगतान की तारीख पर रहेगी। फिलहाल कंसा चौक से मुख्यमंत्री का यह ऐलान प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले बड़ी राहत की खबर बनकर सामने आया है।
