चंबा। भागदौड़ भरी जिंदगी में आज भी कुछ लोग ऐसे हैं, जो दूसरों की मदद के लिए अपनी ड्यूटी से भी आगे बढ़कर सोचते हैं। ऐसा ही एक मामला जिला चंबा के सलूणी क्षेत्र से सामने आया है। यहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के बस चालक और परिचालक ने एक बीमार बुजुर्ग की मदद कर इंसानियत की मिसाल पेश की है।
दलाई गांव के पास बस में सवार हुए थे बुजुर्ग
जानकारी के अनुसार, चंबा-भड़ेला रूट पर HRTC की बस भड़ेला से चंबा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान भड़ेला से करीब 10 किलोमीटर आगे दलाई गांव के पास शरीफ नाम के एक बुजुर्ग बस में सवार हुए। वह किसी निजी काम से अकेले सफर कर रहे थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल सिया केस में आज होगा सजा का ऐलान, परिवार को सात महीने बाद मिलेगा इंसाफ
बस कुछ ही दूरी आगे पहुंची थी कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। बुजुर्ग की हालत देखकर बस में बैठी सवारियां भी परेशान हो गईं। ऐसे में चालक और परिचालक ने तुरंत उनकी मदद करने का फैसला लिया।
फटाड़ा के पास रोकी बस, बुजुर्ग को पिलाया पानी
बुजुर्ग की तबीयत ज्यादा खराब होती देख चालक और परिचालक ने फटाड़ा के पास बस रोक दी। दोनों ने उन्हें पानी पिलाया और हौसला दिया। कुछ देर बाद बुजुर्ग को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन उनकी हालत को देखते हुए उन्हें जल्द अस्पताल पहुंचाना जरूरी था। इसके बाद बस दोबारा आगे बढ़ी। चालक और परिचालक लगातार बुजुर्ग की तबीयत पर नजर रख रहे थे।
यह भी पढ़ें : घर से लापता हुईं 12 और 13 साल की दो लड़कियां, परिवार परेशान; तलाश में जुटी पुलिस
चकोली में नहीं मिली गाड़ी तो बदल दिया बस का रूट
चालक और परिचालक को उम्मीद थी कि चकोली पहुंचने पर कोई गाड़ी मिल जाएगी, जिससे बुजुर्ग को नागरिक अस्पताल किहार पहुंचाया जा सके। लेकिन वहां पहुंचने पर कोई गाड़ी नहीं मिली। ऐसे में दोनों ने बिना समय गंवाए बस को सलूणी की तरफ ले जाने के बजाय किहार की ओर मोड़ दिया। उन्होंने अपनी ड्यूटी की परवाह किए बिना बुजुर्ग को जल्द अस्पताल पहुंचाने को प्राथमिकता दी। इस दौरान बस में बैठी सवारियों ने भी उनके फैसले का पूरा साथ दिया और किसी ने कोई आपत्ति नहीं जताई।
स्थानीय लोगों ने भी मदद के लिए बढ़ाए हाथ
बस चालक और परिचालक बुजुर्ग को लेकर मैड़ा पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों ने भी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए और निजी टैक्सी का इंतजाम कर उन्हें अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। इस तरह बस कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की सूझबूझ और मदद से बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया गया।
यह भी पढ़ें : बारात में गए दो युवकों ने तोड़ा दम- गहरी खाई में समाई कार, 5 थे सवार
दोनों का नाम जगदीश, लोगों ने सम्मानित करने की उठाई मांग
इस पूरे मामले में खास बात यह है कि बस के चालक और परिचालक दोनों का नाम जगदीश है। उनके इस काम की इलाके में खूब चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि दोनों ने अपनी जिम्मेदारी से बढ़कर एक इंसान की जान बचाने के लिए जो कदम उठाया, वह काबिलेतारीफ है। लोगों ने मांग की है कि ऐसे नेक काम के लिए दोनों कर्मचारियों को सम्मानित किया जाना चाहिए। दोनों ने साबित कर दिया कि इंसानियत और दूसरों की मदद करना किसी भी ड्यूटी से बढ़कर है।
