राजनीति

#हादसा

November 27, 2026

हिमाचल : बारात में गए दो युवकों ने तोड़ा दम- गहरी खाई में समाई कार, 5 थे सवार

200 फीट गहरी खाई में गिरी ऑल्टो टैक्सी

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

Mandi News

मंडी। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहाड़ी सड़कों पर जरा-सी चूक भी लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रही है। ताजा मामला जिला मंडी से सामने आया है। यहां एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे पांच लोगों की ऑल्टो टैक्सी अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

200 फीट गहरी खाई में गिरी ऑल्टो टैक्सी

जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंडी जिले के निहरी क्षेत्र में पंडार चौकी के समीप पेश आया। ऑल्टो टैक्सी नंबर HP-01M-6365 में पांच लोग सवार होकर जंडरेहड़ से जयदेवी की ओर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टैक्सी सड़क से लुढ़ककर करीब 200 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

 

यह भी पढ़ें : सीखने की ललक के आगे उम्र भी हारी... हिमाचल के 73 वर्षीय अनिल डोगरा देंगे MA की परीक्षा

 

हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में दो लोगों की मौत, तीन गंभीर घायल

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान विजय कुमार उर्फ रिंकू (36) पुत्र रामदास निवासी गांव खगराओ और पुनीत कुमार उर्फ अंकु (34) पुत्र केवल कृष्ण निवासी गांव बोडल, जयदेवी के रूप में हुई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सरकारी बाबुओं की एक चूक सुधारने में बीती पूरी उम्र, 61 साल बाद महिला को मिला इंसाफ

 

वहीं, हादसे में घायल तीनों व्यक्तियों की पहचान मनोज कुमार (45) पुत्र भगत राम, सुरेंद्र कुमार (42) पुत्र पोलू राम और पंकज कुमार (38) पुत्र जगत राम के रूप में हुई है। तीनों ही सुंदरनगर तहसील के गांव बोडल, डाकघर जयदेवी के रहने वाले हैं।

रोहांडा में प्राथमिक उपचार के बाद नेरचौक रेफर

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रोहांडा पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को बेहतर इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू की बिगड़ी तबीयत, संविधान बचाओ मार्च में भी नहीं हुए शामिल; जानें क्या हुआ है

शादी में पहुंचने से पहले ही दो परिवारों में पसरा मातम

इस दर्दनाक हादसे के बाद निहरी और जयदेवी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पांचों लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने दो परिवारों को जिंदगी भर का दर्द दे दिया। जिस घर में शादी की खुशियों में शामिल होने की तैयारी थी, वहां अब अपनों को खोने का गम छा गया है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव

पुलिस द्वारा दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई की जा रही है। आज दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसके बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Related Tags:

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख