हमीरपुर। जिस समाज में कभी बेटी के जन्म पर दुख जताया जाता था, वहीं आज बेटियों के आगमन पर जश्न मनाकर खुशियां बांटी जा रही हैं। ऐसी ही एक खूबसूरत मिसाल हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में देखने को मिली, जहां एक परिवार ने अपनी नातिन के स्वागत को यादगार बना दिया। सेवानिवृत्त कानूनगो शेर सिंह के परिवार ने नन्ही श्रजीनिका के नाना के घर पहली बार पहुंचने पर फूलों से सजे रथ और बैंड-बाजे के साथ उसका स्वागत किया। परिवार की इस पहल ने बेटियों के प्रति बदलती सोच और उनके लिए प्यार व सम्मान का खूबसूरत संदेश दिया।

बैंड-बाजे के साथ निकाली रथ यात्रा

बता दें कि मामला हमीरपुर शहर के वार्ड नंबर 10 बाईपास का है। यहां नातिन के स्वागत के लिए नाना शेर सिंह, नानी अनीता और परिवार के अन्य सदस्य घर से कुछ दूरी पर एकत्रित हुए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी- अगले 2 दिन फिर बरसेंगे बादल, कई जिलों में यलो अलर्ट

इसके बाद बैंड-बाजे की धुन के बीच नन्ही श्रजीनिका को सजे हुए रथ में बिठाकर घर लाया गया। घर पहुंचने पर परिवार के लोगों ने बच्ची का खुशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान पूरे परिवार में उत्सव जैसा माहौल रहा।

तीन साल पहले भी इसी तरह मनाई थी खुशी

शेर सिंह ने बताया कि करीब तीन साल पहले उनकी बड़ी बेटी के घर भी बेटी का जन्म हुआ था। उस समय भी नातिन को इसी तरह सजे हुए रथ में बिठाकर नाना के घर लाया गया था।

यह भी पढ़ें :  खाई में गिरी पिकअप- 2 युवकों की दर्दनाक मौ**त, घटना का दूसरे दिन चला पता

अब एक बार फिर परिवार ने उसी परंपरा को निभाते हुए श्रजीनिका के आगमन पर खुशियां मनाईं। परिवार का कहना है कि बेटियों का जन्म भी उतनी ही खुशी का मौका है, जितना बेटों का।

बेटियां किसी से कम नहीं, उन्हें भी दें पूरा सम्मान

शेर सिंह ने कहा कि बेटियां परिवार की खुशियां बढ़ाती हैं और आज वे हर क्षेत्र में बेटों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। इसलिए बेटी के जन्म को भी उत्सव की तरह मनाना चाहिए। इससे समाज में बेटियों के प्रति अच्छी सोच बढ़ेगी और उन्हें भी बेटों के बराबर प्यार, सम्मान और अवसर मिल सकेंगे।