#यूटिलिटी

October 12, 2026

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी- अगले 2 दिन फिर बरसेंगे बादल, कई जिलों में यलो अलर्ट

14 और 15 अक्टूबर को फिर बिगड़ सकता है मौसम

शेयर करें:

Himachal Weather Update news

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। प्रदेश में दो दिन तक कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला समेत कई जिलों में आंधी-तूफान और बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं।

सराहन और पालमपुर में हुई ओलावृष्टि

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। शिमला जिले के सराहन और कांगड़ा के पालमपुर में ओले भी गिरे। वहीं, सुंदरनगर, मुरारी देवी और कांगड़ा के आसपास के क्षेत्रों में बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने की घटनाएं सामने आईं।

यह भी पढ़ें :  खाई में गिरी पिकअप- 2 युवकों की दर्दनाक मौ**त, घटना का दूसरे दिन चला पता

सराहन में सबसे ज्यादा 30.1 मिमी बारिश

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सराहन में सबसे ज्यादा 30.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पालमपुर में 6.0 मिमी, सुंदरनगर में 5.6 मिमी और धर्मशाला में 1.1 मिमी बारिश हुई। मनाली और मुरारी देवी में 1.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, किन्नौर के कल्पा और चंबा के भरमौर में भी हल्की बूंदाबांदी हुई।

कुकुमसेरी में 1.8 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है। जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। दूसरी ओर, ऊना में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान 2 से 8 डिग्री, मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में 10 से 17 डिग्री और मैदानी इलाकों में 17 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : बहन और भतीजे ने छीन ली बुजुर्ग की सांसें...घास काटने को लेकर हुआ विवाद

14 और 15 अक्टूबर को फिर बिगड़ सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, आज शिमला समेत कई इलाकों में मौसम साफ बना हुआ है। 13 अक्टूबर तक कुछ क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 14 और 15 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम फिर खराब रह सकता है। विभाग ने कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला समेत कई जिलों में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

कांगड़ा और मंडी में पांच दिन तक आंधी-तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग ने कांगड़ा और मंडी में 11 से 15 अक्टूबर तक आंधी-तूफान और बिजली चमकने की आशंका जताई है। वहीं, शिमला में 13 और 15 अक्टूबर को अंधड़ चलने और बिजली चमकने का अलर्ट है। चंबा की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक रुक-रुककर हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख